कौशांबी में गंगा नदी में डूबकर कानपुर के युवक की मौत, कड़ा के कुबरी घाट पर हुआ हादसा
नगर पंचायत कड़ा धाम क्षेत्र के कड़ा ब्राह्मण टोला निवासी गोलू रविवार की दोपहर गंगा स्नान के लिए घर से निकला। उसके साथ गांव के उसके कुछ दोस्त भी थे। सभी शीतला धाम कड़ा के कुबरी घाट पर स्नान कर रहे थे। गोलू गहरे पानी में जाकर डूब गया।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के कौशांबी जनपद में गंगा नदी में डूबकर कानपुर के एक युवक की मौत हो गई। युवक शीतला धाम कड़ा के कुबरी घाट पर स्नान करने अपने दोस्तों के साथ रविवार की दोपहर गया था। स्नान करने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख उसके दोस्त चिल्लाने लगे तो घाट पर मौजूद गोताखोर उसे बचाने गंगा में कूदे। करीब आधा घंटा बाद युवक को बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दोस्तों के साथ गंगा नदी में स्नान को गया था गोलू
नगर पंचायत कड़ा धाम क्षेत्र के कड़ा ब्राह्मण टोला निवासी गोलू वर्मा 18 वर्ष पिता स्वर्गीय अजय वर्मा रविवार की दोपहर गंगा स्नान के लिए घर से निकला। उसके साथ गांव के उसके कुछ दोस्त भी थे। सभी शीतला धाम कड़ा के कुबरी घाट पर पहुंचे। दोस्तों के साथ गोलू स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसके दोस्तों ने देखा तो चीखने लगे। शोर शराबा सुन के घाट पर मौजूद गोताखोर पवन निषाद. कधई निषाद व बल्लू निषाद गोलू को बचाने के लिए गंगा नदी में कूद गए। मशक्कत के बाद गोलू का शव मिल गया। इस बीच वहां पुलिस भी पहुंच गई। उसे बाहर निकालने के बाद तत्काल अस्पताल लोग ले गए। हालांकि उसे बचाया नहीं जा सका। परिवार वाले भी बिलखते हुए वहां पहुंचे।
कड़ा में गोलू का पुस्तैनी घर है, हाईस्कूल की परीक्षा देने आया था
गोलू वर्मा परिवार के साथ कई वर्षो से कानपुर के राधा नगर में रहता था। कड़ा में ब्राह्मण टोला में उसका पुस्तैनी घर है। यहां उसके दादा महेश वर्मा रहते हैं। गोलू हाईस्कूल की पढ़ाई कड़ा के एक स्कूल से कर रहा था। हाईस्कूल का परीक्षा नजदीक आने के वज़ह से गोलू तैयारी के लिए करीब 10 दिन पहले कानपुर से यहां आया था। दो भाइयों में गोली छोटा था। उसका बड़ा भाई सावन वर्मा कानपुर में एक प्राइवेट नौकरी करता है।