प्रयागराज में नए यमुना पुल से कूदा युवक, नाविकों ने बचाई जान, इस कारण वह परेशान था
प्रयागराज के सरायइनायत थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी युवक पारिवारिक कारणाें से परेशान था। सोमवार सुबह वह नए पुल पर पहुंचा। इसके बाद यमुना नदी में कूद पड़ा। गनीमत रही कि उस वक्त नदी में तमाम नाविक भी अपने-अपने नाव पर सवार थे। उन्होंने उसे बचा लिया।
प्रयागराज, जेएनएन। शहर के नए पुल से सोमवार सुबह एक युवक ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। उसे पानी में गिरते देख नाविक मनोज निषाद भी अपने साथियों के साथ यमुना नदी में कूद पड़े और मशक्कत के बाद उसे सकुशल बचा लिया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पारिवारिक कारणों से परेशान होकर युवक ने अपनी जान देने की कोशिश की थी।
आत्महत्या के प्रयास का कारण पारिवारिक माना जा रहा
सरायइनायत थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी 35 वर्षीय रामकृपाल पारिवारिक कारणाें से इन दिनों परेशान था। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह नए पुल पर पहुंचा। इसके बाद यमुना नदी में कूद पड़ा। गनीमत रही कि उस वक्त नदी में तमाम नाविक भी अपने-अपने नाव पर सवार थे। रामकृपाल के कूदते ही नाविकों ने उसे किसी तरह बचा लिया। खबर पाकर कीडगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ करते हुए युवक को अस्पताल ले गई। नाका चौकी प्रभारी पंकज भाष्कर का कहना है कि युवक आत्महत्या की कोशिश के बारे में साफ तौर पर कुछ नहीं बता रहा है। हालांकि प्रथम दृष्टया आत्महत्या के प्रयास का पारिवारिक कारण माना जा रहा है। उसके घरवालों को जानकारी दे दी गई है।
गंगा किनारे खड़ा था, पैर फिसला तो डूब गया, चली गई जान
प्रतापगढ़ जिले में गंगा किनारे खड़े युवक की पैर फिसलने से पानी में डूब कर मौत हो गई। नवाबगंज थाना क्षेत्र के पाइकगंज (परियावा) गांव निवासी ध्रुव गांगुली का 25 वर्षीय पुत्र देवाशीष गांगुली रविवार की देर शाम करीब सात बजे कालाकांकर गंगा घाट गया था। वह किनारे पहुंचकर मुंह धुलने लगा। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में गिर गया। यह देख वहां मौजूद लोगों ने मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और सीएचसी कालाकांकर ले गए। वहां डॉक्टरों ने देवाशीष को मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग गमगीन हैं।