कटीले तारों पर उतरा बिजली का करंट, चपेट में आने से युवक की मौत, आधा दर्जन मवेशी भी मरे
लालगोपालगंज के पाठक का पुरवा गांव निवासी सचिन शौच के लिए बाहर गया था। जानवरों से बचाने के लिए कंटीले तारों से खेत में बाड़ लगाया गया था। खेत के ऊपर बिजली का तार गया है। तार टूटकर कंटीले तारों पर गिरा तो उसमें करंट उतर आया। हादसा हुआ।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज के लालगोपालगंज थाना इलाके में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं पांच मवेशियों ने भी करंट से दम तोड़ दिया। हादसा शुक्रवार की सुबह हुआ। धान के खेत को मवेशियों से बचाने के लिए लगे तार के ऊपर गया बिजली का तार टूटकर गिर गया। इससे उसमें करंट उतरा। उसी में फंसकर यह हादसा हुआ है। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। युवक के परिवार के लोग गमगीन हैं। सूचना मिली तो पुलिस भी पहुंची और जांच-पड़ताल कर वापस लौट गई। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मुआवजा की मांग की गई है।
लालगोपालगंज के पाठक का पुरवा गांव निवासी 19 वर्षीय सचिन हरिजन पुत्र बसंत लाल शुक्रवार की सुबह पांच बजे शौच के लिए बाहर गया था। जानवरों से बचाने के लिए कंटीले तारों से खेत में बाड़ लगाया गया था। खेत के ऊपर बिजली का तार गया है। तार टूटकर कंटीले तारों पर गिरा तो उसमें करंट उतर आया। सचिन खेत में पहुंचा तो कंटीले तार में उतरे करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद सचिन को अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी कंटीले तार में उतरे करंट की जद में आने से आधा दर्जन गोवंशों ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। इसी बीच जानकारी मिलने पर कांग्रेसी नेता पीसीसी सदस्य आशीष पांडे पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने पीड़ित स्वजनों को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। साथ ही जर्जर तारों को तत्काल ठीक करने की मांग की।
सचिन पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। मेहनत मजदूरी कर परिवार का हाथ बटाता था। उसकी मौत की सूचना पर पिता बसंत लाल, माता धरवहिन, भाई लक्ष्मण, लव कुश, करन और अनुराग के आंसू नहीं रुक रहे हैं। वहीं ग्रामीण भी गमगीन हैं।