कलाकारों ने चित्रों में पिरोई संगम व ऐतिहासिक धरोहर Prayagraj News
कला वीथिका में लगी चित्र प्रदर्शनी में देशभर के सांस्कृतिक ऐतिहासिक विरासत और प्राचीन इमारतों को बड़े करीने से बनाया गया है। चित्र प्रदर्शनी की हर कोई सराहना कर रहा है।
प्रयागराज,जेएनएन : इलाहाबाद संग्रहालय ने कल से विश्व विरासत सप्ताह की शुरुआत की है। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। पहले दिन कला वीथिका में चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका उद्घाटन सेना के ब्रिगेडियर वीके शर्मा ने किया। प्रदर्शनी में कलाकारों ने प्रयागराज के संगम से लेकर उप्र, दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद आदि प्रांतों में स्थित ऐतिहासिक इमारतों के चित्र उकेरे तो देवी देवताओं, प्राचीनकाल में पत्थर पर कारीगरी, हरे भरे जंगल और पहाड़ों की वादियां भी बनाकर पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।
नामी चित्रकारों ने बनाया है इन चित्रों को
संग्रहालय ने इन चित्रों को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट विभाग के छात्र-छात्राओं और अन्य जिलो के भी कई नामी चित्रकारों से बनवाया है। उद्घाटन के बाद ब्रिगेडियर वीके शर्मा ने एक-एक चित्र को देखा। चित्रकारों से उनकी थीम के बारे में पूछा।
चित्रों की ब्रिगेडियर ने की सराहना,
चित्र बनाने वाले छात्र-छात्राओं और वरिष्ठ कलाकारों की कला को सराहा। सभी को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर वीके शर्मा ने कहा कि कला हर किसी को नसीब नहीं होती। यह ईश्वर का वरदान है।
निदेशक बोले, यह संग्रहालय के लिए गर्व की बात
इलाहाबाद संग्रहालय के निदेशक डॉ. सुनील गुप्त ने कहा कि कला वीथिका में लगी चित्र प्रदर्शनी में देशभर के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक विरासत और प्राचीन इमारतों को बड़े करीने से बनाया गया है। चित्र प्रदर्शनी की हर कोई सराहना कर रहा है। यह संग्रहालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कलाकारों को भी बधाई दी।