फरियाद के लिए महिलाओं ने टिवटर को बनाया हथियार Prayagraj News
फरियाद के लिए महिलाओं ने अब टिवटर को हथियार बना लिया है। प्रयागराज पुलिस के टिवटर एकाउंट पर रोजाना करीब 12 से 15 अलग-अलग तरह की शिकायतें आती हैं। इसमें पांच से छह महिलाएं शिकायत खुद अपने टिवटर हैंडल से करती हैं।
प्रयागराज,जेएनएन। महोदय, मैं मीरापुर की रहने वाली हूं। मेरा पड़ोसी लगातार परेशान कर रहा है। मकान को लेकर विवाद है। थाने पर शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। श्रीमान जी, मेरे मुहल्ले का एक शख्स छत की बालकनी पर जाते ही घूरने लगता है। कृपया संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करें।
जी हां। ऐसी कई शिकायतें रोजाना पुलिस के टिवटर हैंडल पर आती हैं। महिलाओं से जुड़ा मामला होने के कारण उनका निस्तारण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है। धीरे-धीरे यह सिलसिला बढ़ता जा रहा है। इसके पीछे पुलिस की ओर से चलाए गए मिशन शक्ति अभियान को माना जा रहा है, जिसके चलते महिलाएं जागरूक हुईं और न्याय व हक के लिए आगे बढ़ रही हैं। फरियाद के लिए महिलाओं ने अब टिवटर को हथियार बना लिया है। प्रयागराज पुलिस के टिवटर एकाउंट पर रोजाना करीब 12 से 15 अलग-अलग तरह की शिकायतें आती हैं। इसमें पांच से छह महिलाएं शिकायत खुद अपने टिवटर हैंडल से करती हैं। एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा ने बताया कि यह बात सही है कि पहले की तुलना में लोग टिवटर और वाट्सएप पर ज्यादा शिकायत कर रहे हैं। इसमें महिलाओं की संख्या भी बढ़ी है। पुलिस हर किसी की समस्या का समाधान करने के लिए तत्पर है।
बेहतर रिस्पांस ने बढ़ाया विश्वास -
डायल 112 की तरह इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों को भी पुलिस बेहद गंभीरता से लेते हुए उसके समाधान के लिए प्रयास करती है। टिवटर, वाट्सएप जैसे प्लेटफार्म पर शिकायत प्राप्त होते ही उसे तुरंत संबंधित थाने को फारवर्ड कर दिया जाता है। फिर थाने की पुलिस फरियादी से संपर्क बनाकर उसकी शिकायत का निस्तारण करती है। परिणाम बेहतर मिलने के चलते ही महिलाओं का विश्वास बढ़ा है। हालांकि उनके लिए जिले के सभी थानों पर महिला हेल्प डेस्क अलग से बनाई गई है।
जाम लगने से लेकर गिरफ्तारी तक के ट्वीट
कहीं जाम लगा हुआ है या किसी मुकदमे में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई तो ऐसी सूचना और शिकायत भी टिवटर पर पुलिस को मिलती है। हालांकि महिला अपराध, पति-पत्नी का विवाद, भूमि विवाद जैसी शिकायतें ज्यादा होती हैं। कुछ का समाधान दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराने से होता है तो कुछ में मुकदमा भी पंजीकृत कराया जाता है। पूर्व एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के कार्यकाल में प्रयागराज पुलिस का ट््िवटर एकाउंट देश में 40वें स्थान पर था।
बोलते हैं- थैंक यू-
शिकायत का निस्तारण और समस्या का समाधान होने पर लोग टिवटर एकाउंट पर ही 'थैंक यू' व 'थैंक यू प्रयागराज पुलिस' लिखते हैं। इससे पुलिस कर्मियों को अपने काम को लेकर काफी तसल्ली भी मिलती है। साथ ही उनका उत्साह बढ़ता है।
शिकायत व निस्तारण
-नवंबर माह में 595 शिकायत, 50 मामले में मुकदमा और 545 का समाधान।
-अक्टूबर माह में 640 शिकायत, 60 मामले में रिपोर्ट और 560 का समाधान।