शतरंज ओलंपियाड की रिले टार्च लेकर प्रयागराज पहुंचीं ग्रैंड मास्टर वंतिका अग्रवाल, स्वागत को उमड़े शहरवासी
विश्व चेस फेडरेशन की ओर से चेस ओलंपियाड के 44वें आडिशन का भारत में आयोजन किया जा रहा है। चेस ओलंपियाड की रिले टार्च आज संगम नगरी पहुंची। लगभग तीन घंटे के समारोह में एलईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश को युवा खिलाडि़यों के समक्ष रखा जाएगा।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। देश में पहली बार आयोजित हो रहे शतरंज ओलंपियाड की रिले टार्च सोमवार की सुबह प्रयागराज पहुंची। रिले टार्च लेकर वूमेन्स ग्रैंड मास्टर वंतिका अग्रवाल पहुंचीं। शहर के शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में रिले टार्च का भव्य स्वागत किया गया।
मंत्री समेत विशिष्टजनों ने रिले टार्च में शामिल लोगों का स्वागत किया : स्वागत समारोह आजाद पार्क में पब्लिक लाइब्रेरी के निकट आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने रिले टार्च को अपने हाथों में लिया। मंडलायुक्त, जिलाधिकारी व सीडीओ के साथ तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महापौर अभिलाषा गुप्ता, अपर महाधिवक्ता महेश चतुर्वेदी ने रिले टार्च का स्वागत किया। रिले टार्च के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और ढोल-नगाड़ों का भी आयोजन किया गया था। इस अवसर पर कानपुर समेत अन्य जिलों के शतरंज के चैंपियन बच्चे भी मौजूद रहे।
आजाद पार्क में तीन घंटे का कार्यक्रम : विश्व चेस फेडरेशन की ओर से चेस ओलंपियाड के 44वें आडिशन का भारत में आयोजन किया जा रहा है। इस चेस ओलंपियाड की रिले टार्च सोमवार सुबह संगम नगरी पहुंची। लगभग तीन घंटे के इस समारोह में एलईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश को युवा खिलाडि़यों के समक्ष रखा जाएगा। टार्च रिले के साथ सेल्फी लेेने की भी सुविधा होगी।
पीएम मोदी ने 19 जून को रिले टार्च को रवाना किया था : शहर में जगह-जगह स्वागत के बाद रिले आगे रवाना होगी। यह रिले टार्च आजादी के अमृत महोत्सव में 75 वर्ष पूरे होने पर देश के 75 आइकोनिक साइट पर पहुंची। इसका मुख्य मकसद युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति जागरूक करना है। इसे 19 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रवाना किया था। चेन्नई के पास महाबलीपुरम में 28 जुलाई से 10 अगस्त तक शतरंज ओलंपियाड का आयोजन होगा।