ससुराल में बेरहमी से पीटा गया था महिला को, तोड़ दिया दम, हत्या के आरोप पर Kaushambi पुलिस कर रही छानबीन
महेवा घाट इलाके में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों का कहना है कि उसे ससुराल में पीटा गया था। इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो महिला का शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद के महेवा घाट इलाके में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों का कहना है कि उसे ससुराल में पीटा गया था। इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो महिला का शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।
नाना और भाई को भगा दिया था ससुरालियों ने
महेवा घाट थाना क्षेत्र के अलवारा गांव के विनोद कुमार की पत्नी 30 वर्षीय उर्मिला देवी की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। इसकी जानकारी ससुराल वालों ने ही महेवा घाट कोतवाली में दी जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर पूछताछ की और शव को कब्जे में लिया। ससुराल वालों ने कहा कि उसकी मौत का कारण बीमारी है। उर्मिला के आकस्मिक मौत की जानकारी सरसवां गांव में उसके मायके वालों को मिली तो अलवारा में उसके ससुराल पहुंच गए और पीटकर मार डालने का आरोप लगाया। पिता संगोली ने कहा कि उनकी बेटी को पीटकर मारा गया है। उर्मिला के नाना और भाई संतलाल एक दिन पहले ही उसकी ससुराल गए थे। उन्होंने बताया कि उर्मिला के सास ससुर ने उन्हें अपशब्द कहकर वापस कर दिया था। दूसरे दिन उर्मिला को मारा-पीटा जिससे उसकी मौत हो गई। उसके तीन बच्चे लक्ष्मी (8), कल्लू (6), पोपला (4) हैं।
मां और बेटे के शव गांव आने पर मचा कोहराम
मोहब्बतपुर पइंसा क्षेत्र के अफजलपुर वारी निवासी महमूद हुसैन बंगाल के दुर्गापुर क्षेत्र में बचपन से रहते थे। एक हफ्ते पहले महमूद हुसैन की पत्नी हम्दा बेगम और पुत्र आरिफ (35) , बहू फारिया बेगम दो साल के पौत्र के साथ अफजलपुर वारी अपने गांव आए थे। रविवार को यहां से पश्चिम बंगाल वापस जाते समय उनकी कार में प्रयागराज के सराय इनायत इलाके में स्कार्पियों से टक्कर लग गई थी। इस घटना में महमूद की पत्नी और बेटे की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद उनके शवों को गांव लाया गया जहां सुपुर्द ए खाक किया गया।