Coronavirus : पीलिया और पथरी से परेशान महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव Prayagraj News
रिपोर्ट आई तो वह कोरोना से संक्रमित निकली। इस पर उसे लालगंज के कोविड अस्पताल ले जाया गया पर उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एसआरएन भेज दिया गया।
प्रयागराज, जेएनएन। पडोसी जनपद प्रतापगढ़ में पीलिया व पथरी की समस्या से जूझ रही एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उसे कोरोना अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
पीलिया और पथरी की समस्या पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती
लालगंज क्षेत्र के पहाड़पुर की एक महिला महीने भर से पीलिया व पथरी की समस्या से परेशान थी। उसे पहले घर के लोग लालगंज व सगरा में डाक्टर को दिखाए। आराम न होने पर जिला अस्पताल ले आए। दो दिन पहले उसे भर्ती किया गया। गाइडलाइन के अनुसार उसका सैंपल लिया गया। बुधवार को रिपोर्ट आई तो वह कोरोना से संक्रमित निकली। इस पर उसे लालगंज के कोविड अस्पताल ले जाया गया, पर उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एसआरएन भेज दिया गया। इस तरह अब जिले में कोरोना के 103 केस हो गए हैं। इनमें से 81 स्वस्थ हो गए हैं और पांच की मौत हो गई है। बाकी का इलाज चल रहा है। इधर डीएम डा. रूपेश कुमार के आदेश पर सीएमओ आवास व आसपास के क्षेत्र, कटरा रोड को बांस-बल्ली लगाकर सील कर दिया गया। वहां पुलिस लगा दी गई।
बिना मास्क लगाए निकले तो होगा जुर्माना
बिना मास्क या बिना गमछा से मुंह बांधे निकलने पर पुलिस चालान कर रही है। बुधवार को सीओ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी, थानाध्यक्ष रानीगंज मृत्युंजय कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक हरीश तिवारी, रामजन्म पांडेय ने रानीगंज चौराहे पर बाइक व अन्य वाहनों की चेकिंग की। इसी क्रम में गाजी का बाग, लिलहा पावर हाउस, जामताली में भी बाइक की चेकिंग कर चालान किया गया। सीओ का कहना है कि यह अभियान जारी रहेगा। बिना मास्क लगाए व बिना गमछा के मिलने पर जुर्माना किया जा रहा है।