बारा के लोहगरा में महिला की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या, पति लहूलुहान Prayagraj News
नकाबपोश बदमाशों ने अधेड़ महिला को लाठी और डंडे से मारकर हत्या कर दिया है। वहीं बचाने में उसका पति जख्मी हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में एक और हत्या से सनसनी फैल गई है। इस बार बारा थाना क्षेत्र के नीबी लोहगरा गांव में 50 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। घर में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने गुरुवार की रात में वारदात को अंजाम दिया। महिला के पति पर भी हमला कर लहूलुहान कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जांच-पड़ताल पुलिस कर रही है। इस हत्या को शामिल किया जाए तो प्रयागराज में पिछले पांच दिन में आठ लोगों की हत्या हो चुकी है।
लालमन की दूसरी पत्नी थी सोना देवी
बारा कोतवाली क्षेत्र के नीबी लोहगरा गांव निवासी लालमन कुशवाहा की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। पहली पत्नी से दो बेटे और एक बेटी है। सभी की शादी हो चुकी है। पहली पत्नी की मौत के बाद लालमन की दूसरी पत्नी सोना देवी 50 के साथ वह छोटे बेटे राजू की पत्नी लक्ष्मी संग घर में रहता है। राजू कहीं बाहर धंधा करता है। वहीं लालमन का बड़ा बेटा राजेंद्र का पत्नी से अनबन चल रहा है। वह रीवा मध्य प्रदेश की रहने वाली है। बताते हैं कि उसने राजेंद्र पर दहेज उत्पीड़न का केस किया है।
घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया
बताते हैं कि गुरुवार की रात करीब 11 और 12 बजे के बीच कुछ बदमाश घर में घुसे। महिला पर प्राणघातक हमला कर दिया। नकाबपोश बदमाशों ने महिला पर डंडे से हमला किया। उसकी चीख सुनकर महिला का पति बचाने पहुंचा तो उसे भी मारपीट कर लहूलुहान कर दिया गया। दंपती की चीख सुनकर ग्रामवासी पहुंचे तो बदमाश फरार हो चुके थे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर दंपती को स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया जबकि जख्मी उसके पति का इलाज हो रहा है।
अभी तक तहरीर नहीं दी गई है
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वारदात स्थल का पुलिस ने जायजा लिया। जानकारी होने पर एसपी यमुनापार भी मौके पर पहुंच गए हैं। जांच-पड़ताल के बाद परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पा रही है। फिलहाल बड़ी बहू पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।