मुंडेरा में महिला व बहरिया में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की Prayagraj News
वह रामलीला देखकर घर लौटा था। सुबह फांसी पर झूलती उसकी लाश मिली। वहीं महिला की भी लाश फांसी के फंदे पर मिली। महिला की मामले में हत्या का आरोप लगाया गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। जनपद के दो थाना क्षेत्रों में महिला और युवक ने फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मुंडेरा में मंगलवार की सुबह फांसी के फंदे पर झूलती महिला की लाश मिली। वहीं बहरिया में सोमवार की रात रामलीला देखकर लौटे युवक का शव लोगों ने फांसी पर लटकता देखा। महिला की संदिग्ध मौत बताई जा रही है। मायकेवालों द्वारा हत्या का आरोप लगाने पर पुलिस ने उसके पति और ससुर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। वहीं शवों को कब्जे में लिया है। फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
दो साल पहले हुआ था महिला का विवाह, पति व ससुर हिरासत में
मुंडेरा चुंगी के पास अश्विनी केसरवानी लाटरी का धंधा करता है। उसकी तीन साल पूर्व कोरांव की अंजली 24 से शादी हुई थी। मंगलवार की सुबह कोरांव स्थित अंजली के मायके वालों को मोबाइल पर बताया कि उसने फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर लिया है। इसी दौरान सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। जानकारी होने पर कोरांव से मायके वाले आ गए हैं। उन्होंने महिला की संदिग्ध मौत देख ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर दी तो पति और ससुर को पुलिस ने हिरासत में लिया। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
रात में रामलीला देखकर लौटे युवक की फांसी पर झूलती मिली लाश
उधर बहरिया थाना क्षेत्र के मैलहा गांव निवासी रोहित धुरिया 24 सोमवार की रात गांव में आयोजित रामलीला का मंचन देखकर घर लौटा था। रात में घर में ही सीमेंट की सीट के नीचे लगी पाइप में दुपट्टे के सहारे वह फांसी पर झूल गया। सुबह जब घरवाले सोकर उठे तो देखा कि रोहित फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। रोहित पांच भाइयो में सबसे छोटा था। वह दैनिक मजदूरी करता था। उसके पिता रामधन राज मिस्त्री हैं।