प्रतापगढ़ में विवाहिता का फांसी से लटकता मिला शव, दहेज हत्या का आरोप Prayagraj News
पूनम का फांसी पर लटकता शव परिवार वालों ने सुबह देखा तो हड़कंप मच गया। ससुरालवालों ने पूनम के मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या की सूचना दी। दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद के जेठवारा थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध हाल में फांसी के फंदे से लटकता शव मिला। घर के एक कमरे में आत्महत्या की खबर सुन मायके के लोग भी पहुंच गए। इस बीच पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मायके पक्ष के लोग दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
मायके पक्ष को पूनम के आत्महत्या करने की सूचना दी
हथिगवां थाना क्षेत्र के पूरे चरण मिश्र का पुरवा बिसिहिया गांव निवासी राम अजोर ने अपनी बेटी पूनम की शादी 7 जून 2017 को जेठवारा के कटरा गुलाब सिंह चौकी क्षेत्र के अईजका गांव निवासी पवन कुमार मिश्र पुत्र स्वर्गीय मुन्ना लाल मिश्र के साथ की थी। सोमवार की रात पूनम का संदिग्ध दशा में फांसी पर लटकता शव परिवार वालों ने सुबह देखा तो हड़कंप मच गया। चीख-पुकार मचने पर वहां आसपास के लोग भी पहुंच गए। वहीं ससुरालवालों ने पूनम के मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या की सूचना दी। इस पर मायके पक्ष के लोगों को हुई तो वह आनन-फानन में पूनम के ससुराल पहुंचे।
पुलिस मामले की कर रही पड़ताल
ससुराल में पूनम का शव देखने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जेठवारा पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में ले लिया। घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो जाएगा कि आत्महत्या है या फिर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। फिलहाल मामले की पड़ताल की जा रही है।
युवक ने फांसी लगा कर की आत्महत्या
प्रतापगढ़ में नगर कोतवाली के टेकार गांव निवासी स्व. राम लखन के 28 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी जानकारी धर्मेंद्र के स्वजनों को मंगलवार की सुबह हुई। गांव के चौकीदार ने चिलबिला पुलिस चौकी को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुची पुलिस ने शव फांसी के फंदे से नीचे उतार कर कब्जे में ले लिया। धर्मेंद्र की पत्नी इन दिनों मायके में है।
उतरांव में नेशनल हाईवे की पुलिया के नीचे अधेड़ का शव मिला
प्रयागराज जनपद में उतरांव थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव के सामने नेशनल हाईवे के पुलिया के नीचे मंगलवार की सुबह एक 55 वर्षीय अधेड़ का शव मिला। लोगों ने शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची उतरांव पुलिस ने पहचान कराने की कोशिश की लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से यह आदमी आस-पास के गांव में घूम रहा था जो दिमागी रूप से अस्वस्थ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।