Coronavirus : पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव से प्रयागराज में मिलने वाले होम क्वारंटाइन में, सपा नेता संक्रमित हैं
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक केस के सिलसिले में पिछले दिनों प्रयागराज आए थे। कोरोना वायरस से संक्रमित होने पर यहां उनसे मिलने वाले होम कोरेंटाइन में हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। सपा नेता व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। कोरोना संक्रमित होने के बाद उनसे प्रयागराज में मिलने वाले होम क्वारंटाइन हो गए हैं। क्योंकि सपा नेता गुरुवार को प्रयागराज में आए थे। उनसे मुलाकात करने वाले दहशत में आ गए हैं।
सैफई में भर्ती हैं सपा नेता धर्मेंद्र
उल्लेखनीय है कि सपा के बदायूं से पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वह मेडिकल यूनिवर्सिटी सैफई में भर्ती हैं। पूर्व सांसद का एक दिन पूर्व भी लखनऊ में कोविड-19 चेकअप किया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर वह सैफई में भर्ती हुए हैं।
पिछले दिनों केस के सिलसिले में प्रयागराज आए थे पूर्व सांसद
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक केस के सिलसिले में पिछले दिनों प्रयागराज आए थे। बदायूं से चुनाव हारने के बाद उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में केस दायर किया है। उसी सिलसिले में वह अशोक नगर निवासी अपने वकील से मिलने आए थे। इस दौरान वह किसी सपा कार्यकर्ता से नहीं मिले। वह अपने वकील से मिलने के बाद वापस लौट गए थे। अब उनके कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर उनसे मिलने वालों में खलबली मच गई है। संपर्क में आए वकील और उनका परिवार होम क्वारंटाइन हो गया है। वहीं सपा के स्थानीय कुछ नेताओं का कहना है कि धर्मेंद्र यादव के प्रयागराज आने की कोई सूचना भी नहीं आई थी।
लखनऊ में कार्यक्रम में शामिल हुए थे धर्मेंद्र यादव
बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव अशोक नगर निवासी हाईकोर्ट के वकील के घर आए थे। वहां से वह लखनऊ गए थे। लखनऊ में किसी फंक्शन में भी वह शामिल हुए थे। ऐसा कहा जा रहा है कि शायद लखनऊ की भीड़ से वह संक्रमित हुए हों।