Coronavirus से संक्रमित पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव में संपर्क में आए लोग जांच कराने को तैयार Prayagraj News
पूर्व सांसद व सपा नेता धर्मेंद्र यादव कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। पिछले दिनों उनके प्रयागराज आगमन के दौरान मुलाकात करने वाले कोरेंटाइन में हैं। वह जांच कराने को तैयार भी हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। पूर्व सांसद व समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुकेह हैं। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उनसे बीते दिनों यहां मिले चंद लोगों की धड़कन बढ़ गई है। ऐसे लोग होम क्वारंटाइन हो गए हैं। साथ ही ऐसे लोग खुद ही अपनी कोरोना वायरस की जांच कराने को तैयार भी हैं।
प्रयागराज आए थे पूर्व सांसद, मुलाकात भी की थी
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव इलाहाबाद हाई कोर्ट में एक केस के सिलसिले में पिछले दिनों प्रयागराज आए थे। बदायूं से चुनाव हारने के बाद उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में केस दायर किया है। उसी सिलसिले में वह अशोक नगर निवासी अपने वकील से मिलने आए थे। इस दौरान वह किसी सपा कार्यकर्ता से नहीं मिले। वह अपने वकील से मिलने के बाद वापस लौट गए थे। बताते हैं कि प्रयागराज से वह लखनऊ गए थे। लखनऊ में किसी फंक्शन में भी वह शामिल हुए थे। संभावना यह भी जताई जा रही है कि शायद लखनऊ की भीड़ से वह संक्रमित हुए हों।
वकील व उनका परिवार होम कोरेंटाइन में है
सपा नेता धर्मेंद्र यादव में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रयागराज में उनसे मुलाकात करने वाले परेशान हो गए हैं। क्योंकि केस के सिलसिले में सपा नेता प्रयागराज में अपने वकील से मिलने आए थे। वह बहुत कम लोगों से मिले थे। किसी सपा कार्यकर्ता से उनकी भेंट नहीं हुई थी। वह अपने वकील से मिलने के बाद लखनऊ चले गए थे। पूर्व सांसद से संपर्क में आए वकील और उनका परिवार होम क्वारंटाइन हो गया है। वहीं वह सब अपनी जांच कराने के लिए तैयार हैं।
कोरोना पीडि़त सपा नेता धर्मेंद्र यादव अस्पताल में भर्ती हैं
बता दें कि धर्मेंद्र यादव समाजवादी पार्टी के बदायूं के पूर्व सांसद हैं। इन दिनों वह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। वह मेडिकल यूनिवर्सिटी सैफई में भर्ती हैं। पूर्व सांसद का दो दिन पूर्व भी लखनऊ में कोविड-19 चेकअप किया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर सैफई में भर्ती हो गए थे।