ससुरालवालों ने बहू बनाने से किया इन्कार तो निगला जहर
नैनी की रहने वाले एक युवती से पहले प्रेम विवाह किया गया और बाद में युवक ने उसे यह कहकर अपने साथ घर ले जाने से इन्कार कर दिया कि उसे उसके घरवाले बहू मानने को तैयार नहीं हैं। इससे आहत युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पति समेत कई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
संसू, नैनी : नैनी की रहने वाले एक युवती से पहले प्रेम विवाह किया गया और बाद में युवक ने उसे यह कहकर अपने साथ घर ले जाने से इन्कार कर दिया कि उसे उसके घरवाले बहू मानने को तैयार नहीं हैं। इससे आहत युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पति समेत कई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नैनी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की बहन की शादी होलागढ़ क्षेत्र में हुई है। 18 अक्टूबर को युवती अपनी बहन के यहां गई थी। दूसरे दिन सिविल लाइंस का रहने वाला संग्राम सिंह उसे वहां से लेकर भाग निकला। बाद में दोनों ने आर्य समाज में शादी कर ली। युवती का मां का आरोप है कि इसके बाद संग्राम उनकी बेटी को लेकर उनके घर आया और तीन दिन तक यहीं रहा। दो दिन पहले उसने कहा कि उसके माता-पिता युवती को बहू बनाने को तैयार नहीं हैं। वे दहेज मांग रहे हैं। युवती की मां का कहना है कि इससे दुखी होकर उनकी पुत्री ने जहर खा लिया। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक है। युवती की मां ने नैनी पुलिस को तहरीर देकर संग्राम सिंह पर दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है। नैनी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि युवती की मां की तहरीर पर संग्राम सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक की जांच में पता चला है कि युवती की बहन की होलागढ़ क्षेत्र में जहां शादी हुई है, वहीं आसपास संग्राम सिंह का भी मूल निवास है। दोनों की जान पहचान वहीं से हुई थी। बाद में दोनों में प्रेम संबंध हो गया था। फिलहाल मामले की पूरी जांच होने पर ही पूरा मामला स्पष्ट होगा।