आसमान पर आज हैं बादल, कल से मौसम के साफ होने की उम्मीद Prayagraj News
बुधवार की सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। सूर्य की किरणें धरती तक नहीं पहुंच सकी हैं। वहीं सुबह कोहरा भी छाया रहा। इससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।
प्रयागराज, जेएनएन। पुरवइया के कारण मौसम ने मंगलवार से फिर करवट ली है। कल सुबह बूंदाबांदी होने के बाद दिन भर आसमान में बादल डेरा जमाए रहे। बुधवार को सुबह से बादल छाए हैं। साथ ही सुबह कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार से मौसम साफ होने की उम्मीद जताई है। इससे न्यूनतम पारा फिर लुढ़केगा।
बादलों ने बढ़ाई ठंड
मंगलवार सुबह अचानक बूंदाबांदी होने से ठंड बढ़ गई। करीब 10 बजे तक बादलों ने सूरज को ढककर रखा लेकिन फिर धीरे-धीरे बादल हटने लगे। पूरी तरह बादल हटे तो नहीं पर धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत जरूर मिली। बादलों के कारण ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज हुई। मंगलवार को अधिकतम पारा 23.5 और न्यूनतम 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। वहीं बुधवार की सुबह से ही आसमान पर बादल और कोहरा भी छाया था।
मौसम विज्ञानी प्रो. सविंद्र सिंह ने कहा
मौसम विज्ञानी प्रो. सविंद्र सिंह का कहना है कि नमी ज्यादा होने पर सुबह कोहरा छाया रहा। बताया कि गुरुवार से अधिकतम तापमान धीरे-धीरे चढ़ेगा, मगर न्यूनतम पारा गिर सकता है।
ट्रेनों की फिर बिगड़ गई है चाल
कोहरे की मार एक बार फिर ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ी है। इससे प्रयागराज, हमसफर, नई दिल्ली-मंडुवाडीह, शिवगंगा एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनें लेट होनी शुरू हो गई हैं। ट्रेनें विलंब से इलाहाबाद जंक्शन पर पहुंच रही हैं। इसके कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा इलाहाबाद जंक्शन से आने और जाने वाली सभी ट्रेनें लेट आईं और गईं।