Water Crisis: प्रयागराज के सैकड़ों घरों में कई दिन से जलसंकट, जानिए क्या है वजह
नलकूपों के बोर खराब होने की शिकायत मंगलवार को पार्षद एवं स्थानीय लोगों ने महापौर से की। उन्होंने नए नलकूपों को लगवाने के लिए जलकल विभाग के महाप्रबंधक को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ताकि जल संकट दूर हो सके।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। दो नलकूपों के खराब होने से सैकड़ों घरों में जलसंकट गहरा गया है। पानी न मिलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इससे उनमें नाराजगी भी है। नलकूपों के बोर खराब होने की शिकायत मंगलवार को पार्षद एवं स्थानीय लोगों ने महापौर से की। उन्होंने नए नलकूपों को लगवाने के लिए जलकल विभाग के महाप्रबंधक को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ताकि जल संकट दूर हो सके।
पार्षद व स्थानीय नागरिकों ने महापौर से की शिकायत, जीएम को निर्देश
तेलियरगंज वार्ड के जोधवल में पंडा चौराहा के समीप वर्ष 2003 में एक मिनी नलकूप लगा था। विगत करीब एक सप्ताह से नलकूप से काले रंग का पानी आने लगा था। मंगलवार सुबह नलकूप एकदम ठप हो गया। लोगों ने इसकी जानकारी पार्षद रंजन कुमार को दी।उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता ने नलकूप का बोर चेक किया।जांच के बाद बोर को ध्वस्त बताया गया। इसके बाद पार्षद ने महापौर को इस बारे में अवगत कराया। उन्हें बताया गया कि जब नलकूप लगा था, उस समय जनसंख्या कम थी। अब जनसंख्या करीब चार गुना बढ़ गई है। इसलिए बड़ा नलकूप लगवाया जाए।
जलकल विभाग के टैंकर से पानी की हो रही सप्लाई
नलकूप के खराब होने से करीब सात-आठ सौ घरों में जलापूर्ति ठप हो गई है। पार्षद के मुताबिक जलकल विभाग द्वारा दो टैंकर पानी भेजा गया है। वहीं, चकिया क्षेत्र के आरके पुरम में लगा नलकूप भी दो दिन पहले खराब हो गया, जिससे सैकड़ों घरों में जलसंकट हो गया।उस नलकूप का बोर भी ध्वस्त हो गया। पानी की समस्या झेल रहे कुछ लोग महापौर कार्यालय पर पहुंचकर आक्रोश भी जताया। महापौर अभिलाषा गुप्ता ने बताया कि महाप्रबंधक से नए नलकूप लगाने के लिए प्रस्ताव बनाने के लिए कहा गया है। जल्द नए नलकूप लगवाए जाएंगे। तब जाकर लोगों को पानी की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा।