सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखने के लिए मंत्री को ग्रामीणों ने बीच राह रोका Prayagraj News
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह को रास्ते में ग्रामीणों ने उन्हें रोककर सड़क को गुणवत्ता पूर्ण न बनाने की शिकायत की। बिना नाली के सड़क बनाए जाने पर अधिकारियों को चेतावनी दी।
प्रयागराज, जेएनएन। शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम में जा रहे प्रदेश सरकार के प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह को ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखने को बीच रास्ते में ही रोक लिया। चिल्ला गांव से मंदर गांव के बीच ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड-एक के अफसरों की शिकायत करते हुए कहा कि बिना नाली बनाए ही सड़क निर्माण कराया जा रहा है। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि नाली नहीं बनी तो कोई भी अधिकारी बख्शा नहीं जाएगा। गुणवक्ता को भी लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया, जिस पर मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग मानक के अनुरूप ही सड़क का निर्माण कराए।
बोले, समूह से समृद्धि की ओर बढ़ सकती हैैं ग्रामीण महिलाएं
मंत्री सिद्धार्थनाथ महिला समूहों के कार्यक्रम में कहा कि गुजरात में बड़ी संख्या में समूह बनाकर महिलाएं आगे बढ़ रही हैैं। यहां भी समूह से समृद्धि की ओर महिलाएं बढ़ सकती हैैं। मंत्री भगवतपुर में पिछले हफ्ते हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई थी उनके परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। चिल्ला में जहां गैस सिलिंडर फटने से दो लोगों की जान गई थी, उस पीडि़त परिवार से मिलकर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मंत्री ने मंडल अध्यक्ष दीनानाथ, गौरव गुप्ता, कौशिकी सिंह, ज्ञानबाबू को भाजपा गमछा व माला पहनाकर सम्मानित किया। ललिता शास्त्री स्नेही सेवा संस्थान की बारह मुख्य सेविकाओं को मंत्री की पत्नी डॉ. नीता सिंह ने सम्मानित किया। रेखा पटेल, शशि कला, शिवानी शर्मा, सबीना बेगम, इस्मत जहां, जन्नत निशा, शिवांगी साहू, शकुंतला देवी, प्रीति, वंदना, सुनीता भारतीय, एवं उषा पाल मौजूद रहीं।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता बोले, महाराष्ट्र में संवैधानिक तरीके से हुई शपथ
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र में विकास के लिए भाजपा की सरकार बनी है। देवेंद्र फड़णवीस के नेतृत्व में पांच साल तक हर क्षेत्र में विकास हुआ है। जनता ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया। भाजपा और एलायंस का जनादेश था। किसी ने एलाइंस को खंडित किया और खंजर मारने का कार्य किया। यह सरकार विकास को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। मीडिया से मुखातिब कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तंज कसा। कहा कि महाराष्ट्र में राज्यपाल ने हर राजनीतिक पार्टी को मौका दिया था।