प्रतापगढ़ में बर्थ पार्टी में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल
सूरज की बर्थडे पार्टी थी। इसमें बाटी-चोखा का कार्यक्रम आयोजित था। इस दौरान रात लगभग नौ बजे गांव के विशाल ने बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग की।
प्रयागराज, जेएनएन। पडोसी जनपद प्रतापगढ में कंधई थाना क्षेत्र के वैध पट्टी गांव में गुरुवार को बर्थडे पार्टी में एक युवक द्वारा की गई हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हो गया। इस मामले में गांव के ही विशाल मिश्र सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वैध पट्टी गांव में गुरुवार को सूरज की बर्थडे पार्टी थी। इसमें बाटी-चोखा का कार्यक्रम आयोजित था। इस दौरान आरोप है कि गुरुवार रात लगभग नौ बजे गांव के विशाल ने बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग की। इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दिलीपपुर चौकी इंचार्ज जयशंकर तिवारी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर हर्ष फायरिंग करने वाले विशाल मिश्र सहित उसके अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।
तमंचे के साथ दो आरोपित गिरफ्तार
टॉपटेन अपराधी व मकान में ताला बंद करने वाले हिस्ट्रीशीटर को तमंचा के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। महेशगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने थाना क्षेत्र के तेजई का पुरवा गिस्था गांव निवासी आशीष मिश्रा, जो थाने की टॉप टेन अपराधी की सूची में शामिल था को शुक्रवार की शाम झींगुर तिराहे के पास से पकड़ लिया। उसके पास से पुलिस ने 315 बोर तमंचा व एक कारतूस बरामद किया। इसी प्रकार पुलिस ने थाने के हिस्ट्रीशीटर हीरागंज बाजार निवासी लाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके परिवार में काफी दिनों से विवाद है। उसने विवादित मकान में ताला बंद कर लिया था। इसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसे संज्ञान में लेते हुए महेशगंज पुलिस हिस्ट्रीशीटर की तलाश कर रही थी। खोजबीन के दौरान पुलिस ने देर रात हिस्ट्रीशीटर लाल साहब सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।