पुलिस वाला बनकर शातिर महिला के गहने लेकर फरार Prayagraj News
उन्होंने रंजना से खुद को पुलिस वाला बताया। कहा कि उन्हें आदेश मिला है कि जो भी महिला जेवरात पहने हैं उसे उतरवाकर सुरक्षित पर्स या बैग में रखवा दिया जाए।
प्रयागराज,जेएनएन। शातिर युवकों ने पुलिस वाले बनकर एक महिला को निशाना बनाया। ठगी की शिकार हुई रंजना श्रीवास्तव ने धूमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश में लगी हुई है।
इफको कर्मचारी की पत्नी के साथ हुई ठगी
प्रीतम नगर निवासी अनिल कुमार इफको में कर्मचारी हैं। उनकी पत्नी रंजना सोमवार दोपहर बेटे के साथ सामान खरीदने बाजार जा रही थी। रास्ते में दो युवक मिले। उन्होंने रंजना से खुद को पुलिस वाला बताया। कहा कि उन्हें आदेश मिला है कि जो भी महिला जेवरात पहने हैं, उसे उतरवाकर सुरक्षित पर्स या बैग में रखवा दिया जाए। रंजना शातिर युवकों के झांसे में आ गईं और सोने की चूड़ी, कंगन उतार दिया। तब एक युवक ने जेवरात को कागज में लपेटा और हस्ताक्षर करके दे दिया। यह भी कहा कि आगे साहब बैठे हैं, चेक करवा दीजिएगा। कुछ देर बाद रंजना ने जेवरात को देखा तो वह नकली थे। युवक भी वहां से गायब थे।
ठगी की शिकायत धूमनगंज पुलिस से की
धोखाधड़ी की शिकार होने पर उन्होंने नीवां पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी और फिर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीडि़ता का कहना है कि घटना स्थल के पास सीसीटीवी कैमरा लगा है, लेकिन पुलिस ने चेक नहीं किया। उधर, इंस्पेक्टर धूमनगंज शमशेर बहादुर सिंह का कहना है शातिरों के बारे में पता लगाया जा रहा है। इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। शातिरों का पता लगाया जा रहा है। अगर घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगा है तो उसे भी किया जाएगा।