विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय प्रयागराज में बोले-लव जेहाद से निपटने को बनाएं धार्मिक माहौल
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव एवं विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय प्रयागराज के केसर भवन में बैठक में शामिल हुए। कहा कि जब परिवार एक होगा और उनमें परस्पर बातचीत होती रहेगी तो माहौल अपने आप स्वस्थ रहेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। लव जेहाद को लेकर विश्व हिंदू परिषद गंभीर है। केसर भवन में हुई अनौपचारिक बैठक में यह मुद्दा उठा। इसमे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि यदि धार्मिक माहौल और संयुक्त परिवार की संकल्पना को मूर्तरूप दिया जाए तो लव जेहाद जैसी चीजें अपने आप समाप्त हो जाएंगी। इसे रोकने के लिए विहिप कार्यकर्ताओं को भी अभियान शुरू करने का सुझाव दिया।
बोले, दुर्गा वाहिनी की सदस्य भी आगे आएं
चंपत राय ने बैठक में कहा कि इस कार्य में दुर्गा वाहिनी की सदस्य भी आगे आएं। वे नवरात्र से घर-घर जाएं और लोगों से मिलकर सत्संग करें। धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दें। इस दौरान नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति जैसे विषयों पर परिचर्चा भी की जाए। इसी क्रम में विहिप कार्यकर्ता भी धर्माचार्य से अधिक से अधिक मिलें। उन्हें लेकर मोहल्लों में धार्मिक आयोजन कराएं। लोगों से कहा जाए कि सप्ताह में कम से काम एक दिन पूरा परिवार एक साथ बैठें। ऐसा करने से टूट रहे परिवार फिर से जुड़ पाएंगे। जब परिवार एक होगा और उनमें परस्पर बातचीत होती रहेगी तो माहौल अपने आप स्वस्थ रहेगा। लव जेहाद जैसी चीजों की गिरफ्त में आने से बच्चे बच जाएंगे।
चंपत राय ने कहा-ऐसे मामलों को रोकने में समाज की बड़ी भूमिका होती है
ऐसे मामलों को रोकने में समाज की बड़ी भूमिका होती है। कुल मिलाकर स्वस्थ मानसिकता वाले समाज और सशक्त परिवार की अवधारणा पर काम करने की जरूरत है। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय का प्रयागराज आगमन हुआ था। इस दौरान उनसे मिलने के लिए शहर के तमाम गणमान्य लोग भी पहुंचे।