VHP Foundation Day : हिंदू हितों की रक्षा का लिया संकल्प, संगठन के कार्यो पर चर्चा Prayagraj News
VHP Foundation Day धर्म की रक्षा के लिए भगवान कृष्ण ने सुदर्शन चक्र उठाया। अत अधर्म के पाव उखाडऩे के लिए शक्ति का प्रयोग करना गलत नहीं है।
प्रयागराज,जेएनएन। हिंदू हितों की रक्षा के संकल्प के साथ विहिप का स्थापना दिवस समारोह शुरू हो गया। महानगर के श्री कृष्ण, साकेत और भागीरथ प्रखंड में कार्यक्रम आयोजित हुए। इस बार सभी आयोजनों में श्री कृष्ण के सुदर्शन चक्र वाले चित्र रखे जा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं को संदेश दिया जा रहा है कि धर्म की रक्षा के लिए भगवान कृष्ण ने सुदर्शन चक्र उठाया। अत: अधर्म के पाव उखाडऩे के लिए शक्ति का प्रयोग करना गलत नहीं है। इन कार्यक्रमों में विहिप के स्थापना के उद्देश्य, संगठन की ओर से अब तक किए गए कार्यों की भी चर्चा की गई।
धर्मांतरण के खिलाफ भी लोगों को जगाने की कोशिश
श्री कृष्ण प्रखंड झूंसी में आयोजित कार्यक्रम में सुदामा कुटी के महंत लाल बाबू मौजूद थे। उन्होंने गो, गंगा की रक्षा एवं संवर्धन के लिए चलाए जा रहे केंद्रों की भी जानकारी दी। राम जन्म भूमि मंदिर निर्माण के लिए चलाए गए आंदोलनों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कहा कि हिंदू जागरण का नतीजा है कि आज अयोध्या में भव्य और दिव्य मंदिर निर्माण के लिए शिला पूजन हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन पूरी दुनिया में संतों के समन्वय का कार्य कर रहा है। धर्मांतरण के खिलाफ भी लोगों को जगाने की कोशिश है।
इस मौके पर हरि प्रताप, शिवा, प्रेम मिश्रा, गौरव, अमरनाथ, नितिन, विनोद, अमित सिंह, संजय आदि उपस्थित रहे। धनूपुर प्रखंड में पंकज शुक्ल के आवास पर कार्यक्रम हुआ। इसमें जिला सह मंत्री, दीपक द्विवेदी, दुर्गेश शुक्ल, शुभम तिवारी आदि मौजूद रहे।