विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष ने कहा-देश के साढ़े छह लाख गांवों में गठित होगी कमेटी Prayagraj News
विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष जीवेश्वर मिश्र माघ मेला स्थित चिंतन शिविर में आयोजित बैठक में कहा कि विहिप की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने पर गांवों में कमेटी गठित करेगी।
प्रयागराज, जेएनएन। अपनी स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने पर विश्व हिंदू परिषद देश के सभी करीब साढ़े छह लाख गांवों में कमेटी गठित करेगी। माघ मेला के परेड मैदान स्थित परिषद के चिंतन शिविर में क्षेत्रीय बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष जीवेश्वर मिश्र ने कहा कि कार्ययोजना तैयार हो रही है। संगठन के विभिन्न आयामों का विस्तार 2024 तक लक्ष्य बनाकर करना है।
कार्यकर्ताओं में सेवा और समर्पण का भाव होना चाहिए : जीवेश्वर मिश्र
विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष जीवेश्वर मिश्र ने कहा कि प्रत्येक गांव में समिति होनी चाहिए, जहां हिंदू समाज के समसामयिक विषयों पर चिंतन के लिए साप्ताहिक सत्संग हो सके। इसका प्रयास कार्यकर्ताओं को करना चाहिए। आदिवासी, वनवासी क्षेत्रों में सेवा, संस्कार, रोजगार केंद्रों का संचालन बढ़े, इसका प्रयास सबको करना चाहिए। नसीहत दी कि कार्यकर्ताओं में सेवा और समर्पण का भाव होना चाहिए।
रामनवमी तक शिलापूजन होने वाले गांवों के प्रत्येक मंदिर में राम महोत्सव होगा
चैत्र प्रतिपदा 25 मार्च से रामनवमी दो अप्रैल तक शिलापूजन होने वाले गांव के प्रत्येक मंदिर में राम महोत्सव आयोजित होगा। विहिप के केंद्रीय संत संपर्क प्रमुख अशोक तिवारी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अंबरीश सिंह, राधेश्याम, वासुदेव पटेल, अवधेश, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, दिवाकर नाथ त्रिपाठी, आशुतोष श्रीवास्तव, आनंद सिंह, विमल प्रकाश आदि उपस्थित रहे।
युवाओं में आत्मविश्वास होना आवश्यक : गुलाब
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भागीरथी नगर की ओर से स्वामी विवेकानंद जन्मतिथि सप्ताह का आयोजन किया। इसमें मुख्य वक्ता सेवा प्रमुख व इविवि के वित्त सचिव गुलाब सिंह यादव ने कहा कि युवाओं में आत्मविश्वास होना आवश्यक है। इससे जीवन में सफलता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि विवेकानंद को शिकागो के धर्म संसद में भाग लेने से मना कर दिया था। उनके पास भारत के प्रतिनिधि का कोई आधिकारिक पत्र नहीं था, तब बोस्टन के प्रोफेसर ने उनके लिए एक पत्र लिखा और धर्म संसद की कमेटी के चेयरमैन से बात की, जिसके बाद उन्हें बोलने की अनुमति दिलाई जा सकी। अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संयोजन विद्यार्थी प्रमुख प्रमोद ने किया।