UP Panchayat Polls 2021: नारेबाजी पर दो पक्षों में सिर फुटौव्वल और फायरिंग, दारोगा सहित 12 घायल
UP Panchayat Polls 2021 एसओ कंधई नीरज वालिया ने बताया कि नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। फायरिंग की बात जांच में नहीं सामने आई है। फौजदार सिंह की तहरीर मिली है दूसरे पक्ष की तहरीर अभी नहीं मिली है। 12 लोग जख्मी हैं।
प्रयागराज,जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में कंधई थाना क्षेत्र के भदौना गांव में होली के पर्व पर चुनावी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और बवाल हुआ। इस दौरान फायरिंग भी की गई। मारपीट में दारोगा, सिपाही, शिक्षक सहित 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एक पक्ष ने शुरू की नारेबाजी
भदौना निवासी फौजदार सिंह की पत्नी नंदिनी सिंह निवर्तमान प्रधान हैं। दूसरे पक्ष के कृष्णचंद्र पांडेय भी चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस बार प्रधान का पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित हो गया। ऐसे में दोनों लोग वर्चस्व को लेकर पिछड़ी जाति के अपने किसी समर्थक को चुनाव मैदान में उतारने की कवायद कर रहे थे। इस बीच सोमवार को कृष्णचंद्र पांडेय अपने पक्ष के चंद्रभान सिंह के घर होली मिलने के लिए गए। वहां काफी संख्या में ग्रामीण जुटे थे। इतने में जिंदाबाद-मुर्दाबाद का नारा लगाया जाने लगा।
नारेबाजी का विरोध करने पर मारपीट
अपने खिलाफ नारेबाजी सुनकर फौजदार सिंह मौके पर गए और लोगों को नारा लगाने से मना करने लगे। इसी दौरान कहासुनी होने पर विवाद बढ़ गया और लोगों ने फौजदार पर हमला कर दिया, जिससे उनका हाथ टूट गया। शोर सुनकर फौजदार के स्वजन भी पहुंच गए। फिर मौर्या बस्ती के पास दोनों पक्ष के लोगों में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि चार राउंड हवाई फायर भी की गई। इस दौरान जान बचाकर भागने के दौरान कृष्णचंद्र की बाइक घटनास्थल पर ही छूट गई, जिसे लोगों ने तोड़ डाला।
ये हुए हैं जख्मी
मारपीट में कृष्णचंद्र पांडेय (55), उनके बेटे आशू (26) पुत्र कृष्णचंद्र, शनी (23), भाई त्रिभुवननाथ पांडेय (53), चंद्रभान सिंह (55), मोती सरोज व कल्लू सरोज पुत्रगण श्यामा सरोज, कप्तान सिंह (32) व विवेक सिंह (27) पुत्रगण अशोक कुमार, गुंजन पांडेय (26) पुत्र रामचंद्र घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से फौजदार सिंह (55), संतबख्श सिंह (45), विनय (27) पुत्र कुंवर बहादुर सिंह घायल हुए। घायलों में चंद्रभान सिंह, आशू, मोती, फौजदार सिंह, संतबख्श सिंह व विनय सिंह को जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया।
चंद्रभान सिंह यूपी पुलिस में दारोगा है, वह इस समय लखनऊ में तैनात हैं। कप्तान सिंह लखीमपुर खीरी में अध्यापक हैं। जबकि फौजदार सिंह अमेठी में सिपाही के पद पर तैनात हैं। यह सभी लोग होली की छुट्टी में घर आए थे। एसओ कंधई नीरज वालिया ने बताया कि नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। फायरिंग की बात जांच में नहीं सामने आई है। फौजदार सिंह की तहरीर मिली है, दूसरे पक्ष की तहरीर अभी नहीं मिली है।