UP Panchayat Chunav 2021: पंचायत चुनाव में नामांकन को दावेदारों व समर्थकों की भीड़ उमड़ी, रविवार को भी होगा नामांकन
UP Panchayat Chunav 2021 जिला पंचायत सदस्यों का नामांकन जिला पंचायत कार्यालय प्रयागराज में हो रहा है। इसके लिए प्रत्याशियों को शहर आना पड़ेगा। कुल 84 पदों के लिए यहां पर नामांकन होगा और इसके लिए सात काउंटर खोले गए हैं।
जेएनएन, प्रयागराज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आज शनिवार की सुबह आठ बजे से नामांकन शुरू हो गया है। नामांकन कराने के लिए सुबह से ही दावेदार अपने समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पर पहुंचने लगे हैं। आज शाम पांच बजे तक नामांकन का क्रम चलेगा। उसके बाद बचे हुए दावेदारों का नामांकन रविवार को दिन भर चलेगा। इस चुनाव में चारों पदों के लिए कई हजार नामांकन होने के आसार हैं।
जिपंस का नामांकन यहां हो रहा है
जिला पंचायत सदस्यों का नामांकन जिला पंचायत कार्यालय प्रयागराज में हो रहा है। इसके लिए प्रत्याशियों को शहर आना पड़ेगा। कुल 84 पदों के लिए यहां पर नामांकन होगा और इसके लिए सात काउंटर खोले गए हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य का नामांकन विकास खंड कार्यालय में होगा। इसके लिए 23 ब्लॉकों में कुल 195 काउंटर खोले जाएं।
नामांकन 23 विकास खंड कार्यालयों में हो रहा है
नामांकन के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य का नामांकन 23 विकास खंड कार्यालयों में हो रहा है। इसके लिए 212 काउंटर खोले गए। इन काउंटरों पर सुबह सात बजे से कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। उन्हें नामांकन के लिए जरूरी किट उपलब्ध करा दी गई है। सभी काउंटरों पर सुबह आठ से नामांकन शुरू हो गया है। काउंटरों पर सुबह से ही दावेदारों की लाइन लग गई है। चुनाव नामांकन स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नामांकन कराने के लिए प्रत्याशी और उसके प्रस्ताव को ही जाने की अनुमति है। यहां पर कोई असलहा लेकर नहीं जा सकता है।
जमानत राशि नगद जमा कर सकते हैं
जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य को चुनाव लड़ने के लिए जमानत राशि जमा करनी है। यह जमानत राशि बैंक में जमा होगी और इसकी रसीद नामांकन के समय सहायक निर्वाचन अधिकारी को देनी होगी। जमानत राशि जमा करने के लिए बैंकों में पिछले कई दिनों से मारामारी है। अब तक जो लोग जमानत राशि बैंक में नहीं जमा कर पाए हैं। वह सहायक निर्वाचन अधिकारी को नगद भी जमा कर सकते हैं।
दी जा रही है एनओसी
विकास खंड कार्यालयों पर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने की प्रक्रिया चल रही है। आज अपराहन तीन बजे तक एनओसी दी जाएगी। जबकि 4 अप्रैल को दोपहर एक बजे तक ही एनओसी दी जाएगी।