UP Panchayat Chunav 2021: होली पर चढ़ा पंचायत चुनाव का रंग, गांवों में पर्व के बहाने सक्रिय हैं दावेदार
UP Panchayat Chunav 2021 आरक्षण की अंतिम सूची जारी होते ही चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई। इसी के साथ गांवों में प्रचार तेज हो गया है। अब अधिसूचना जारी होने के साथ ही लोग मैदान में उतर चुके हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। चुनाव आचार संहित लागू होने के साथ ही गांव-गांव चुनाव प्रचार तेज हो गया है। दावेदारों ने गांव की दीवारों पर पोस्टर तो चौराहों पर बैनर लगवाना शुरू कर दिया है। चूंकि अभी तक चुनाव चिह्न नहीं मिला है। इसलिए दावेदारों ने होली की शुभकामना वाला पोस्टर लगवा दिया है। गांव-गांव कई दावेदार खड़े हो गए है। इसलिए जीत की आस लगाए कई दावेदार अपने प्रतिद्वंदियों को बैठाने के लिए भी सक्रिय हो गए हैं।
पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद बढ़ी सक्रियता
आरक्षण की अंतिम सूची जारी होते ही चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई। इसी के साथ गांवों में प्रचार तेज हो गया है। जिन्हें चुनाव लडऩा है, वह तो पिछले कई महीने से तैयारी कर रहे थे। वहीं अब अधिसूचना जारी होने के साथ ही लोग मैदान में उतर चुके हैं। कुछ पोस्टर बैनर के जरिए तो कुछ घर-घर जाकर प्रचार करने लगे हैं। दावेदार अपने-अपने वोट गिन रहे हैं।
जिले भर में 1540 ग्राम प्रधानों का चुनाव होना है
इस बार जिले भर में 1540 ग्राम प्रधानों का चुनाव होना है। यह संख्या पिछले चुनाव से कम है। क्योंकि नगर निगम का सीमा विस्तार होने के बाद 97 गांव शहर में शामिल हो गए थे। चुनाव भले चार पदों पर होना है, लेकिन सबसे ज्यादा मारामारी मुख्यतया प्रधान पद पर ही है। इसलिए प्रधान के दावेदार अब होली के बहाने अपने वोटरों को मिलाने जुट गए हैं। पिछले पांच साल भले नाराजगी रही हो, लेकिन इस होली के बहाने वह सबको मिलाने के लिए जुट गए हैं।
जानें, कितने पदों पर होना है चुनाव
- 84 जिला पंचायत
- 1540 ग्राम पंचायत
- 2086 क्षेत्र पंचायत संख्या
- 19820 ग्राम पंचायत वार्ड।
इस पर भी डालें एक नजर
- 139 अति संवेदनशील बूथ प्लस
- 195 सहायक निर्वाचन अधिकारी बीडीसी सदस्य के लिए
- 214 सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रधान पद के लिए
- 214 न्याय पंचायत
- 295 अति संवेदनशील बूथ
- 411 संवेदनशील बूथ
- 433 सेक्टर
- 886 सामान्य बूथ
- 1731 मतदान केंद्र
- 5269 मतदान स्थल
- 21076 मतदान कर्मी
- 3368085 वोटर हैं पंचायत चुनाव में।