यूपी चुनाव 2022: आम आदमी पार्टी ने प्रयागराज के तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की
UP Elections 2022 आम आदमी पार्टी ने प्रयागराज जनपद की तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। शहर दक्षिणी से डा. अल्ताफ अहमद शहर शहर उत्तरी से संजीव मिश्रा और हंडिया विधानसभा सीट से पवन तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। आम आदमी पार्टी ने जनपद की तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। आम आदमी पार्टी ने डाक्टर, इंजीनियर और अधिवक्ता को यहां से मैदान में उतारा है। शहर दक्षिणी से डा. अल्ताफ अहमद, शहर उत्तरी से संजीव मिश्रा और हंडिया से पवन तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है। तीन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब नौ और सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान जल्द होने की बात कही जा रही है।
जानें, कहां से कौन होगा प्रत्याशी
नैनी के रहने वाले डा. अल्ताफ अहमद पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। साथ ही वे राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। पेशे से डाक्टर अल्ताफ अहमद का नैनी में निजी अस्पताल है। वे एक विद्यालय भी संचालित करते हैं। वहीं, अल्लापुर के रहने वाले संजीव मिश्रा फाफामऊ में निजी आइटीआइ कालेज चलाते हैं। वे कंप्यूटर के बड़े व्यवसायी भी रह चुके हैं। वर्तमान में महानगर अध्यक्ष हैं। हंडिया के रहने वाले पवन तिवारी हाई कोर्ट में अधिवक्ता हैं। पहले वे कांग्रेस पार्टी में थे। करीब चार माह पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था।
जनसत्ता दल ने भी घोषित किए दो उम्मीदवार
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी ने दो प्रत्याशियों की घोषणा की। पार्टी के नेता पूर्व सांसद शैलेंद्र ने सिविल लाइंस में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी से फाफामऊ विधानसभा से लक्ष्मी नारायण जायसवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं सोरांव विधानसभा सीट से डा. सुधीर को मैदान में उतारा गया है। बताया कि लक्ष्मी नारायण फाफामऊ के साथ ही नवाबगंज में भी रहते हैं। व्यापारी होने के साथ ही विद्यालय भी संचालित करते हैं। वहीं, डा. सुधीर पेशे से डाक्टर हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सौ सीटों पर उम्मीदवारों को उतारा जाएगा। अभी तक 16 प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी से गठबंधन नहीं हुआ है, लेकिन बातचीत चल रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया इस मामले में निर्णय लेंगे।