यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने नक्सली हमले में घायल डिप्टी कमांडेंट का जाना हाल
प्रयागराज निवासी डिप्टी कमांडेंट संदीप द्विवेदी नक्सली हमले में घायल हो गए थे। उनका छत्तीसगढ़ के अस्पताल में इलाज चल रहा है। यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने डिप्टी कमांडेंट के परिवार वालों से भी फोन पर बात की और हौसला बढ़ाया।
प्रयागराज, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों के प्रति अपनी शोक संवेदना कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने जताई है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल प्रयागराज निवासी डिप्टी कमांडेंट संदीप द्विवेदी के परिवार वालों से भी फोन पर बात की और हौसला बढ़ाया। अभी उनका इलाज रायपुर में चल रहा है। परिवार के लोग भी वहीं हैं। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
कैबिनेट मंत्री ने शहर दक्षिणी के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनीं। कीडगंज इलाके के बूथ अध्यक्षों, सेक्टर संयोजकों व पन्ना प्रमुखों के घर जाकर होली की शुभकामना भी दी। कुछ जगहों पर व्यापारियों ने कैबिनेट मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत भी किया। इस मौके पर मनोज त्रिपाठी, सतीश श्रीवास्तव, संतोष साहू, विनोद कसेरा, संजय केसरवानी, अभिषेक चौरसिया, राजीव मिश्रा आदि मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री नंदी ने मंडल अध्यक्षों के साथ खेली होली
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने शहर के बहादुरगंज स्थित निवास पर भाजपा के सभी मंडल अध्यक्षों व उनके परिवार के सदस्यों के साथ होली खेली और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी अबीर गुलाल लगाकर सभी को शुभकामनाएं दीं। होली मिलन समारोह में गंगापार के सभी 20, यमुनापार के 20 और महानगर के 15 मंडल अध्यक्षों को सपरिवार आमंत्रित किया गया। गंगापार जिलाध्यक्ष अश्वनी दुबे, यमुनापार जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। होली गीत भी प्रस्तुत किए गए। अनिल केसरवानी झल्लर, मनोज गुप्ता, दिनेश विश्वकर्मा, किशोरी जायसवाल, रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे।
मंत्री व सांसद ने जताई शोक संवेदना
टैक्स मामलों के वरिष्ठ अधिवक्ता व इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल के पिता भरत जी अग्रवाल के निधन पर कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने शोक संवेदना जताई है। अधिवक्ताओं ने भी शोक सभा की। इसमें सांसद पीआरओ अभिषेक शुक्ल भी शामिल हुए।