प्रयागराज पुलिस के हत्थे चढ़े दो बदमाश अंतरराज्यीय शराब तस्कर हैं, ऐसे दोगुना कमाते थे मुनाफा
बिहार में शराब बंदी है। जब ये शराब लेकर यहां पहुंचते तो बिहार राज्य में दाखिल नहीं होते थे। उत्तर प्रदेश-बिहार की सीमा से पहले रुक जाते थे। इसके बाद बिहार से उनके गैंग के सदस्य आते थे और शराब को बिहार राज्य के जनपदों में ले जाया जाता था।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज जिले के उतरांव क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़े दो बदमाश अंतरराज्यीय शराब तस्कर हैं। हरियाणा निर्मित शराब की तस्करी ये उप्र, मप्र और बिहार में करते थे। इससे ये मोटी रकम कमाते थे। हरियाणा में कम दाम पर शराब खरीदकर ये इसे दोगुने दाम पर बेचते थे। इस गिरोह में कई बदमाश शामिल हैं, जो इस काम से जुड़े थे। अब पुलिस इन सभी की तलाश कर रही है।
बड़ी सफाई से लेकर निकल जाते थे वाहन
शराब तस्कर बड़ी सफाई के लिए शराब लदे वाहन को लेकर निकल जाते थे। हरियाणा से जब ये शराब लादकर वाहन से निकलते थे तो कई जगह पुलिस की जांच पड़ताल से भी इनको गुजरना पड़ता था। दोनों ने पूछताछ में बताया कि जहां भी इनको रोका जाता, ये बिना डरे बताते थे कि वाहन में शराब लदी है और इसे क्षेत्र में सप्लाई करना है। शराब को नंबर एक का बताते थे। बेबाकी से जब ये बोलते तो किसी को इन पर संदेह भी नहीं होता था और ये आराम से शराब को इधर से उधर पहुंचा देते थे।
बिहार में मिलते थे अच्छे दाम
बिहार में शराब बंदी है। जब ये शराब लेकर यहां पहुंचते तो बिहार राज्य में दाखिल नहीं होते थे। उत्तर प्रदेश-बिहार की सीमा से पहले रुक जाते थे। इसके बाद बिहार से उनके गैंग के सदस्य यहां आते थे और शराब को बिहार राज्य के अलग-अलग जनपदों में ले जाया जाता था। इसके बदले दोगुने से अधिक दाम भी यहां मिल जाता था।
पंचायत चुनाव में मोटी रकम कमाने की थी योजना
पंचायत चुनाव कुछ ही समय बाद होने वाला है। गिरफ्तार शराब तस्करों ने बताया कि इसके लिए जल्द ही बड़ी खेप हरियाणा से लाने वाले थे। इसके लिए वहां अपने गैंग के सदस्यों को बता भी दिया था, जिस कारण इंतजाम शुरू हो गया था। मार्च के प्रथम सप्ताह में खेप यहां आ जाती और इसकी तस्करी शुरू कर देते।
यहां पकड़े गए थे
उतरांव पुलिस ने रहीमपट्टी गांव के पास से गुरुवार सुबह एक चार पहिया वाहन को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसमें 285 पेटी हरियाणा निर्मित शराब मिली। गिरफ्तार शराब तस्करों में अमित निवासी जनता कालोनी सेक्टर डी चंडीगढ़ व विशाल कश्यप निवासी सेक्टर डी चंडीगढ़ शामिल थे। इनके पास से जो शराब बरामद की गई है उसकी कीमत लगभग 20 लाख है।