प्रतापगढ़ में आग में जलकर दो मासूम भाइयों की मौत, ताऊ पर हत्या का मुकदमा दर्ज
जब वह लौट कर आई तो दोनों बेटे आग का गोला बने हुए थे। यह देख वह शोर मचाते हुए दोनों बेटों पर पानी डालकर बुझाने लगी। दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसा प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ में हुआ। बच्चों के बड़े पिता पर केस दर्ज हुआ है।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के भुलनापुर गांव में कमरे में सो रहे सगे भाई इशांत व कृष्णा की शुक्रवार को भोर में आग से जलने से मौत हो गई। इस मामले मे मृतकों की मां नीलम ने अपने जेठ पर हत्या करने का आरोप लगाया। अपर पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
मजदूर महिला के पति का हो चुका है निधन
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के भुलना का पुरवा भद्विव गांव निवासी दिलीप कुमार की मौत बीमारी के कारण दो वर्ष पूर्व हो चुकी थी। दिलीप के दो बेटे इशांत 8 वर्ष कृषना 6 वर्ष अपनी मां नीलम के साथ रहते थे। नीलम मेहनत मजदूरी कर किसी तरीके से दोनों बच्चों का भरण पोषण कर रही थी।
बच्चे सो रहे थे तो बाहर से दरवाजा बंद कर गई थी महिला
गुरुवार की रात नीलम अपने दोनों बच्चों के साथ खाना पीना खाकर सो गई। दोनों बच्चे मां नीलम के साथ एक ही कमरे में सो रहे थे। शुक्रवार की भोर करीब 5 बजे नीलम दोनों बेटे को सोते हुए छोड़कर शौच के लिए बाहर गई। उसने बाहर से दरवाजे में सिटकनी लगा दिया। जब वह लौट कर आई तो दोनों बेटे आग का गोला बने हुए थे। यह देख वह शोर मचाते हुए दोनों बेटों पर पानी डालकर बुझाने का प्रयास करने लगी। हालांकि तब तक वह काफी झुलस चुके थे और दोनों की मौत हो चुकी थी।
कमरे में आग कैसे लगी, अभी स्पष्ट नहीं हुआ
हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में वहां पहुंची संग्रामगढ़ थाने की पुलिस ने नीलम व आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद कमरे का मुआयना किया। इसके बाद बच्चों के शवों को कब्जे में ले लिया। हालांकि अभी यह रहस्य बना है कि कमरे में आग कैसे लगी। फोरेंसिक विभाग की टीम ने भी गहनता से जांच-पड़ताल की। पुलिस छानबीन कर रही है। दोनों बेटों की मौत से मां नीलम अचेत पड़ी हुई है। घटना को लेकर ग्रामीण अचंभित है कि आखिर यह कैसे हो गया।
Edited By Brijesh Srivastava