प्रेमी से बात करते बनाया था वीडियो और कर रहे थे ब्लैकमेल, युवती से दुष्कर्म के दो आरोपित गिरफ्तार
लगातार ब्लैकमेल होने से परेशान युवती ने स्वजनों को पूरी बात बताई। फिर नैनी थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज शहर में नए यमुना पुल के नीचे युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने युवती का प्रेमी के साथ वीडियो बना लिया था और इसे लेकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे। मामले में पुलिस तीन और युवकों से पूछताछ कर रही है। आरोपितों को पुलिस आज जेल भेजेगी।
दोनों युवकों ने युवती से किया था सामूहिक दुष्कर्म
नैनी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया था कि छह दिसंबर को वह एक युवक के साथ नए यमुना पुल के नीचे बैठकर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान उसके प्रेमी के कुछ साथियों ने चुपके से दोनों की कुछ ऐसी वीडियो बना ली जो आपत्तिजनक थी। बाद में उसे दिखाकर ब्लैकमेल किया गया। फोन पर उससे अश्लील बातें की जातीं। उसके साथ दोनों युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म भी किया।
उच्च अधिकारियों के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
लगातार ब्लैकमेल होने से वह परेशान हो उठी और अपने स्वजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद घरवालों के साथ वह नैनी थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। इसके बाद उसने उच्चाधिकारियों से मिलकर पूरी बात बताई, जिस पर नैनी थाने की पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया गया। फिर भी पुलिस हीलाहवाली करती रही। किसी तरह मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों आरोपितों को पुलिस आज भेजेगी जेल
पुलिस ने रविवार को आरोपित शेरा पुत्र तसरीर निवासी सरगम और गंजिया निवासी फैजल पुत्र मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। इनके मोबाइल को देखा गया, लेकिन कोई वीडियो नहीं मिली। पुलिस को संदेह है कि दोनों ने उस वीडियो को डिलीट कर दिया है। हालांकि, इसकी जांच की जा रही है। एसएसआइ अजय सिंह का कहना है कि शेरा और फैजल को गिरफ्तार कर लिया गया है और सोमवार को दोनों को जेल भेजा जाएगा।