छेड़खानी से तंग किशोरी के आत्महत्या मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार,एफआइआर में बढ़ाई गई पॉक्सो एक्ट की धारा, तीसरे आरोपित की तलाश
बाघराय थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने मंगलवार को दोपहर में घर के सामने स्थित कुएं में छलांग लगा दी थी। किशोरी गांव के तीन शोहदों द्वारा छेड़े जाने से परेशान होकर कुएं में कूदी थी।
प्रतापगढ़,जेएनएन। शोहदों की छेड़छाड़ से त्रस्त बाघराय थाना क्षेत्र की एक किशोरी के कुंए में कूदकर जान दे देने की घटना का संज्ञान मुख्यमंत्री ने लिया है। आरोपितों पर कार्रवाई और पीडि़त परिवार की मदद करने के उनके सख्त निर्देश पर अफसर दौड़ पड़े। जहां आइजी रात में उसके गांव पहुंचे, वहीं एसपी ने खुद आरोपित के घर पर दबिश दी। इसके दो आरोपित सगे भाई को पकड़ा गया है। इसके साथ ही दर्ज मुकदमे में पाक्सो धारा भी बढ़ाई गई है। इधर, पोस्टमार्टम के बाद शव लाए जाने पर स्वजन व गांव के लोग अंतिम संस्कार करने को राजी नहीं हुए। वह शव को घर के सामने रखकर न्याय मांगने बैठ गए। देर रात तक पुलिस व प्रशासन के अफसर उनको समझाने में जुटे थे।
यह था मामला
बाघराय थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने मंगलवार को दोपहर में घर के सामने स्थित कुएं में छलांग लगा दी थी। पहले तो यह मामला घर वालों की डांट से जुड़ा दिखा, पर बाद में पता चला कि वह किशोरी गांव के तीन शोहदों द्वारा छेड़े जाने से परेशान होकर कुएं में कूदी थी। इसके बाद पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। शाम को ही गांव में एएसपी दिनेश द्विवेदी, सीओ सदर तनु उपाध्याय भारी फोर्स लेकर वहां पहुंच गई थीं। इसके बाद रात करीब 11 बजे आइजी केपी सिंह और एसपी अनुराग आर्य भी पहुंचे। किशोरी की मां से मिलकर पूरी बात पूछी। मां ने उनको बताया कि सोमवार की रात आरोपितगण उसके घर में कूद गए थे।
फरार तीसरे आरोपित की तलाश में लगी हैं पुलिस की तीन टीमें
वहीं बुधवार को शाम करीब चार बजे पुलिस पोस्टमार्टम के बाद किशोरी के शव को लेकर घर पहुंची। वहां तब तक काफी भीड़ जुट चुकी थी। रिश्तेदार भी थे। चारों ओर पुलिस तैनात की गई है। जिला पंचायत सदस्य प्रफुल्ल सिंह समेत क्षेत्र के लोग भी सांत्वना देने व समझाने में सहयोग कर रहे थे। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि रात में ही तीनों आरोपितों के खिलाफ छेडख़ानी, आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज किया गया। उसके बाद पाक्सो एक्ट भी लगाया गया है। ताबड़तोड़ छापेमारी कर नामजद आरोपित गुड्डू सिंह व उसके बड़े भाई डब्बू सिंह को हिरासत में ले लिया गया। बाकी बचे गुन्नू तिवारी की गिरफ्तारी को लिए तीन टीमें लगी हैं।
साहब, वह लोग हमें मार डालेंगे
शोहदे दबंग किस्म के हैं। उनके बारे में गांव के लोग कुछ बोलते नहीं। आइजी को देख किशोरी की मां ने सुरक्षा का भरोसा दिलाने पर मुंह खोला। कहा कि साहब वह लोग अपराधी किस्म के हैं। वह लोग मुझे व मेरे परिवार को मार डालेंगे। यह कहते हुए किशोरी की मां रोने लगी। आइजी ने परिवार की सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं पर एसओ बाघराय से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था रहनी चाहिए। आइजी केपी सिंह ने कहा कि परिवार के साथ न्याय होगा और जल्द ही घटना में शामिल बाकी लोग भी पकड़े जाएंगे।