कोरोना वायरस से पति की मौत के बाद प्रयागराज में महिला पर मुसीबत, देवर ने की दुष्कर्म की कोशिश
पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने उसे मायके में छोड़ दिया था। जब वह दोबारा ससुराल गई तो ससुराल वालों ने देवर से शादी कर लेने का दबाव बनाया। बात नहीं मानने पर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करते हुए पिटाई की।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस संक्रमण से पति की मौत के बाद एक महिला के लिए मुश्किल भरा दौर शुरू हो गया। ससुराल वाले तो मानो दुश्मन ही हो गए। महिला का आरोप है कि उसके साथ देवर ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सास, श्वसुर, देवर, ननद व ननदोई के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश, मारपीट व घर से बाहर निकाले के प्रयास के आरोप में मुकदमा कायम किया है। अब इस मामले की छानबीन की जा रही है।
शादी से इंकार पर डाला आबरू पर हाथ
घटनाक्रम कुछ यूं है। प्रतापगढ़ जनपद के फतनपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला की शादी दो साल पहले प्रयागराज शहर में कोतवाली इलाके के निवासी एक शख्स के साथ हुई थी। दो माह पहले कोरोना संक्रमण से उस महिला के पिता का निधन हो गया। आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने उसे मायके में छोड़ दिया था। जब वह दोबारा ससुराल गई तो ससुराल वालों ने देवर से शादी कर लेने का दबाव बनाया। बात नहीं मानने पर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करते हुए पिटाई की। साथ ही जेवरात भी हड़पकर प्रापर्टी पर भी कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर मामले में की कार्रवाई की जाएगी।