श्रीराम मंदिर के दर्शन कर अयोध्या से कौशांबी के रास्ते चित्रकूट का सफर होगा आसान, बन रहा फोर लेन पुल
प्रयागराज का हिस्सा रहा कौशांबी चार अप्रैल 1997 को जनपद के रूप में अस्तित्व में आया । कई सालों तक पिछड़ेपन का दंश झेल रहा कौशांबी अब विकास की ओर अग्रसर होता दिख रहा है। वर्तमान में जनपद में सड़कों व पुलों का जाल बिछ गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज का हिस्सा रहा कौशांबी चार अप्रैल 1997 को जनपद के रूप में अस्तित्व में आया । कई सालों तक पिछड़ेपन का दंश झेल रहा कौशांबी अब विकास की ओर अग्रसर होता दिख रहा है। वर्तमान में जनपद में सड़कों व पुलों का जाल बिछ गया है। जिससे जनपद में विकास की धारा बह रही है। दो नगर पालिका व तीन नगर पंचायतों का गठन हुआ है। सड़कों व पुलों के बनने से जहां अयोध्या को चित्रकूट से जोड़ा गया है। वहीं कौशांबी की ऐतिहासिक विरासत धर्मस्थली व व्यापार को बढ़ावा मिला है।
करेंटी घाट पर फोरलेन पुल निर्माणाधीन, मार्च 2022 में पूरा होने की उम्मीद
कौशांबी पहले काफी पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था। वर्ष 2017 में जब केशव प्रसाद मौर्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बने तो गृह जनपद होने के कारण उनके प्रस्ताव पर यहां सड़कों व पुलों का जाल बिछाया जाने लगा। जनपद में सभी सड़कें दो लेन के आधार पर चौड़ी हो गई। साथ ही दो स्टेट हाईवे बनाने के लिए प्रस्ताव पारित हो गया। पहला हाईवे लालगंज से शहजादपुर के करेंटी घाट होते हुए अयोध्या को चित्रकूट से जोड़ेगा। दूसरा स्टेट हाईवे लेहदरी पुल से होते हुए चित्रकूट तक जाएगा। गंगा नदी शहजादपुर से करेंटी घाट पर फोरलेन पुल निर्माणाधीन है जो मार्च 2022 में पूर्ण होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त संयारा व मनौरी आरओबी बनकर चालू हो गया।
यात्रा करना आसान तो स्वरोजगार के भी अवसर
सिराथू आरओबी का काम भी लगभग पूर्ण हो चुका है। सुजातपुर व सैय्यदसरावां आरओबी का काम जल्द शुरू होने वाला है। सड़क व पुल का जाल होने के बाद जनपद में व्यापार भी बढ़ेगा। अब दूसरे जनपद के लोग भी यहां से सामान अपने जनपद व यहां के लोग दूसरे जनपदों में जाकर बेच पाएंगे। जनपद में भरवारी व मंझनपुर को नगर पालिका का दर्जा दिया गया है। इनसे जुड़े गांवों का विकास होगा। साथ ही धर्मस्थल के क्षेत्रों का भी पुनरुद्धार करते हुए वहां जाने वाले यात्रियों व भक्तों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए जीर्णोद्धार हुआ है। यदि पिछले पांच सालों का आंकलन करें तो कौशांबी लगातार विकास की ओर अग्रसर होता दिख रहा है। इससे जहां सफर करने में आसानी हो रही है। वहीं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।