प्रतापगढ़ में ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक की पीटकर हत्या, हमलावर फरार Prayagraj News
किसी बात को लेकर साथ रहे बाकी तीन मजदूर लल्लू पर भड़क गए। उसे लाठी-डंडे से पीटने लगे। गंभीर चोट के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में कंधई थाना क्षेत्र के मनैतापुर गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर मजदूरों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद साथियों ने पीट-पीटकर मजदूर लाल बहादुर उर्फ लल्लू वनवासी (28) की जान ले ली। वह भट्ठे पर मजदूरी करने के साथ ही वहीं का ट्रैक्टर भी चलाता था। वारदात गुरुवार की देर रात का है।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए
लल्लू शाम को अक्सर कई साथी मजदूरों के साथ भट्ठे पर ही बैठता था। कभी-कभी शराब का दौर भी वहां चलता था। ऐसा ही गुरुवार को हुआ। किसी बात को लेकर साथ रहे बाकी तीन मजदूर लल्लू पर भड़क गए। उसे लाठी-डंडे से पीटने लगे। गंभीर चोट के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद हमलावर भाग निकले। ग्राम प्रधान को सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसके बाद हमलावरों की तलाश में गांव में दबिश देने लगी।
सीओ पट्टी ने कहा, आरोपितों की पुलिस तलाश कर रही है
सीओ पट्टी रमेश चंद्र व एसओ कंधई विपिन कुमार ङ्क्षसह भी मौके पर पहुंचे। सीओ का कहना है कि आपसी विवाद में झगड़ा होने के बाद यह वारदात हुई है। तीन मजदूरों का नाम आ रहा है। उनकी तलाश की जा रही है। उनसे पहले भी लल्लू का विवाद हुआ था।
गोली मारने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार
राजापुर में सरेराह करन को गोली मारने के आरोप में कैंट पुलिस ने रोहन कुमार व आर्यन गौरव को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। दोनों आरोपित राजापुर के ही रहने वाले हंै। चौकी इंचार्ज राजापुर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि करन और रोहन में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। तभी लड़कों ने घेर लिया और फिर गोली मार दी गई। मामले में अन्य आरोपितों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।