Top Prayagraj News of the day, 06 March 2020 : कौशांबी में युवक की हत्या कर फेंका शव, मासूम बेटे ने खोला राज Prayagraj News
कौशांबी में युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हादसे में साथी के जख्मी होने से नाराज वकीलों ने हंगामा किया। अब छह घंटे डयूटी करने वाले रेलकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिलेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की सुबह युवक की लाश कोल्ड स्टोरेज के समीप सड़क किनारे देखी गई। वहीं, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के विवेकानंद चौराहे पर शुक्रवार की सुबह हादसा हो गया। दो बाइकों की टक्कर से एक अधिवक्ता जख्मी हो गए।इससे नाराज वकीलों ने हंगामा किया। जबकि, अब छह घंटे ड्यूटी वाले रेल कर्मियों को भी साप्ताहिक अवकाश मिल सकेगा। पिछले दिनों यह मुद्दा जीएम के सामने एनसीआरईएस ने पीएनएम में उठाया था। उसके बाद अफसरों ने उनकी मांग मानी और साप्ताहिक अवकाश की स्वीकृति कर दी है।
कौशांबी में युवक की हत्या कर फेंका शव, मासूम बेटे ने खोला राज
कौशांबी जनपद में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की सुबह युवक की लाश कोल्ड स्टोरेज के समीप सड़क किनारे देखी गई। 11 वर्षीय बेटे ने अपनी मां व गांव के एक युवक समेत तीन नकाबपोश लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। मंझनपुर कोतवाली इलाके में कोल्ड स्टोरेज के निकट एक युवक की लाश पड़ी देखी। इस संबंध में युवक के 11 वर्षीय बेटे ने हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि गांव का एक युवक उसके घर अक्सर आता-जाता था। इसे लेकर पिता उसकी मां पर प्रेम प्रसंग की आशंका जाहिर कर लड़ाई करता था। गुरुवार की रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसके पिता की गला दबा कर हत्या कर दी गई।
दो बाइकों की टक्कर में हाईकोर्ट के अधिवक्ता जख्मी, साथियों ने किया हंगामा
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के विवेकानंद चौराहे पर शुक्रवार की सुबह हादसा हो गया। दो बाइकों की टक्कर से एक अधिवक्ता जख्मी हो गए। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे के करीब अधिवक्ता अनिल पांडेय हाइकोर्ट जा रहे थे। सिविल लाइंस के विवेकानंद चौराहे के निकट गलत साइड से तेज स्पीड में बुलट सवार आ गया। इससे टक्कर हो गई। हादसे में अधिवक्ता अनिल पांडे गिर गए। उनके हाथ और पैर में चोट आई है। हादसे के दौरान उधर से जा रहे अन्य अधिवक्ताओं ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि पुलिस ने बुलट सवार को पकड़ने के बजाए भाग जाने दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिविल लाइंस ब्रिज नारायण सिंह ने टक्कर मारने वाले बुलट सवार युवक को गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर वकीलों को शांत कराया।
छह घंटे ड्यूटी वाले रेलकर्मियों को भी मिलेगा साप्ताहिक अवकाश
अब छह घंटे ड्यूटी वाले रेल कर्मियों को भी साप्ताहिक अवकाश मिल सकेगा। पिछले दिनों यह मुद्दा जीएम के सामने एनसीआरईएस ने पीएनएम में उठाया था। उसके बाद अफसरों ने उनकी मांग मानी और साप्ताहिक अवकाश की स्वीकृति कर दी है। वे लगातार साप्ताहिक अवकाश की मांग कर रहे थे। एनसीआरईएस के महामंत्री आरपी सिंह, सहायक महामंत्री आलोक सहगल ने बताया कि उनकी मांग अब मान ली गई है। अब ऐसे कर्मियों की साप्ताहिक अवकाश का आदेश हो गया है। अब उन्हें सप्ताह में 36 घंटे ही ड्यूटी करनी होगी।