प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर टोल प्लाजा कर्मियों ने CAA समर्थकों को पीटा व बस में तोड़फोड़, 16 हिरासत में Prayagraj News
टोल कर्मियों ने आस-पास लोगों को बुलवा लिया जिन्हें वसूली के लिए रखा गया है। इसके बाद बसों के शीशे तोड़े गए और उसमें सवार लोगों को दौड़ाकर पीटा गया। छह टोल कर्मी हिरासत में हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। लालगोपालगंज में प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा पर शनिवार की देर रात अराजकता का माहौल रहा। टोल टैक्स वसूली को लेकर सीएए के समर्थन की रैली से वापस आ रहे लोगों के साथ गुंडई की गई। टोल कर्मियों ने दो बसों में सवार लोगों को लाठी-डंडे से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वहीं बसों में भी तोड़फोड़ की गई। साथ ही हवाई फायरिंग भी हुई। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब आधा दर्जन टोल कर्मियों को हिरासत में ले लिया है। वहीं घटना की सूचना पर प्रतापगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष हरिओम मिश्रा मौके पर पहुंचे। घायलों को दूसरी बस से घर रवाना किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो बसों में सवार होकर लौट रहे थे प्रतापगढ़ के लोग
सीएए के समर्थन में वाराणसी में रैली का आयोजन था। उसमें शामिल होने के लिए प्रतापगढ़ जनपद के बिहार ब्लाक से भाजपा पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता दो बसों में सवार होकर रैली में गए थे। वहां से लोग लखनऊ की ओर जा रहे थे। शनिवार की देर रात बस प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर लालगोपालगंज टोल प्लाजा पर पहुंची। भुक्तभोगियों की मानें तो एक बस तो टोल प्लाजा से आगे निकल गई, जबकि दूसरी आगे बढ़ी तो टोल कर्मियों ने दौड़ाकर रुकवा लिया। टोल टैक्स को लेकर उनमें विवाद हो गया।
टोल कर्मियों ने अराजकता दिखाई, 16 हिरासत में
आरोप है कि टोल कर्मियों ने आस-पास लोगों को बुलवा लिया, जिन्हें वसूली के लिए रखा गया है। इसके बाद बसों के शीशे तोड़े गए और उसमें सवार लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। वहां मची चीख-पुकार पर आसपास के गांवों के लोग दौड़े। इसी बीच बस यात्रियों की सूचना पर नवाबगंज व लालगोपालगंज थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर गुंडई कर रहे लोग वहां से फरार हो गए। टोल प्लाजा के जिम्मेदारों समेत 16 कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उधर घटना की सूचना पर प्रतापगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष हरिओम मिश्रा मौके पर पहुंचे। घायलों को दूसरी बस से घर रवाना किया। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
अज्ञात पर केस, 16 आरोपित पुलिस हिरासत में व असलहा जब्त
लालगोपालगंज स्थित अंधियारी टोल प्लाजा पर वाहन में तोड़फोड़ और मारपीट के बाद फायरिंग मामले को लेकर प्रकाश चंद्र मिश्रा पुत्र रामखेलावन मिश्रा निवासी जमलामऊ थाना बाघराय जनपद प्रतापगढ़ ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर 20 से 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध नवाबगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। उधर टोल प्लाजा से 16 आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। विवेचना के दौरान 17 लोगों को पुलिस ने फिलहाल चिन्हित किया है। असलहा का गलत प्रयोग करने पर तीन लोगों के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनका असलहा जप्त कर लिया है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया का दफ्तर में ताला
टोल प्लाजा पर बनाई गई सात केबिन के दरवाजे खुले पडे हैं। उसमें इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम आन पड़े हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस के आते ही टोल कर्मियों में भगदड़ मच गई थी। फिलहाल लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत मशीनों की निगरानी के लिए लालगोपालगंज पुलिस तैनात है। साथ ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया का दफ्तर में पूरी तरह से ताला लगा है। टोल प्लाजा के इर्द-गिर्द सन्नाटा पसरा है।