पूर्व विधायक विजमा यादव को जान से मारने की धमकी Prayagraj News
पूर्व विधायक विजमा यादव ने तहरीर में जानकारी दी है कि दो जून की रात चार पहिया वाहन से चार लोग उनके घर के पास पहुंचे और अपशब्दों का प्रयोग करने के साथ जान से मारने की धमकी दी।
प्रयागराज,जेएनएन। पूर्व सपा विधायक विजमा यादव को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले में चार लोगों के खिलाफ कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। धमकी देने वाले कौन थे, इस बारे में अभी पता नहीं चला है, हालांकि जिस वाहन में वह सवार थे उसका नंबर पुलिस को दिया गया है। कैंट थाना क्षेत्र के अशोक नगर हेस्टिंग रोड निवासी पूर्व विधायक विजमा यादव ने तहरीर में जानकारी दी है कि दो जून की रात चार पहिया वाहन से चार लोग उनके घर के पास पहुंचे और अपशब्दों का प्रयोग करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। रिपार्ट दर्ज किए जाने के बाद विवेचना कर रहे एसआइ रामेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।
पूर्व सांसद समेत 50 सपाइयों पर रिपोर्ट
कर्नलगंज पुलिस ने शनिवार को लक्ष्मी टाकीज चौराहे से एडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाल कर नारेबाजी कर प्रदर्शन करने पर सपा के पूर्व सांसद नागेंद्र पटेल समेत 50 कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दान बहादुर यादव, महबूब उस्मानी, सुशील यादव, रवींद्र यादव नामजद हैैं और 45 अन्य अज्ञात।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर केस
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. अल्ताफ अहमद, जिला महासचिव सर्वेश यादव, महानगर अध्यक्ष सुनील चौधरी व सर्वेश यादव, आकाश सिंह, रावेंद्र पांडेय सहित 20 अज्ञात के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में महामारी एक्ट के तहत मुकदमा कायम हुआ है। एफआइआर चौकी इंचार्ज सिविल लाइंस पूनम शुक्ला की तहरीर पर दर्ज हुई है। पुलिस का आरोप है कि कानपुर की घटना को लेकर शनिवार को पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और फिजिकल डिस्टेंस का उल्लंघन किया।