सर्वर ठप होने से प्रधान डाकघर में कारोबार प्रभावित
अचानक सर्वर फेल हो गया। काफी देर बाद जब लेनदेन नहीं हुआ तो ग्राहक कर्मचारियों पर भड़क गए और हंगामा करने लगे।
प्रयागराज : प्रतापगढ़ शहर स्थित प्रधान डाकघर में सर्वर की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन हो रही समस्या से सबसे अधिक परेशानी ग्राहकों को हो रही है। सोमवार को प्रधान डाकघर में लेनदेन करने आए ग्राहकों को जब सर्वर फेल होने की सूचना मिली तो वह कर्मचारियों पर भड़क गए। नोकझोंक भी हुई। हंगामा भी किया। ग्राहकों के आक्रोश को देख कर्मचारी चुपके से कार्यालय से बाहर निकल गए। हालांकि शाम चार बजे तक सर्वर की समस्या बहाल न होने पर ग्राहक लेनदेन नहीं कर सके।
प्रधान डाकघर में पिछले एक माह से सर्वर की समस्या बनीं हुई है। अभी हाल में ही पूरे सिस्टम को अपग्रेड किया गया था। लेकिन समस्या जस की तस बनीं हुई है। सोमवार सुबह नौ बजे से ही ग्राहक लेनदेन व आधार कार्ड बनवाने के लिए प्रधान डाकघर में एकट्ठा होने लगे। जैसे ही कर्मचारी कंप्यूटर सिस्टम खोलकर काम शुरू करने लगे। अचानक सर्वर फेल हो गया। काफी देर बाद जब लेनदेन नहीं हुआ तो ग्राहक कर्मचारियों पर भड़क गए और हंगामा करने लगे।
प्रधान डाकघर में लेनदेन करने आए बाबागंज के धर्मप्रकाश, रसूलपुर गुलरहा के सदाशिव वर्मा, कंधई के राजेश, सोनावा की आभा यादव, मरुआन के राजकुमार बताते हैं कि प्रधान डाकघर में पहुंचने पर मालूम हुआ कि सर्वर नहीं चल रहा है। काफी देर इंतजार करने के बाद भी सर्वर नहीं चला और उन्हें पैसे नहीं मिल सके। कुछ लोग अपना आधार कार्ड नहीं बनवा सके। इससे उन्हें काफी मुसीबत झेलनी पड़ी। उन्होंने इसकी शिकायत सीनियर पोस्ट मास्टर समेत अफसरों से भी की। प्रधान डाकघर का सर्वर फेल होने से ग्राहक लेनदेन नहीं कर पाए। उन्हें काफी दिक्कतें हुई हैं। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है। सर्वर बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
- एसके बुनकर, सीनियर पोस्ट मास्टर प्रधान डाकघर।