कोटेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी के घर की छत गिरी
शिवकुटी थाना क्षेत्र के कोटेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी के घर बारिश के कारण गिर गया। कोई हताहत नहीं हुआ।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : शिवकुटी थाना क्षेत्र के कोटेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी के घर की दूसरी मंजिल की छत गुरुवार को भोर में ढह गई। संयोग था कि सभी लोग पहले तल में बने कमरों में सो रहे थे।
कोटेश्वर महादेव मंदिर के बगल ही पुजारी स्व. जगदीश पुरी का दो मंजिला मकान है। बुधवार रात मकान के प्रथम तल पर बने कमरों में उनकी पत्नी, पुत्र अनिल समेत आठ लोग सो रहे थे। गुरुवार भोर करीब पांच बजे दूसरी मंजिल की छत भरभरा कर गिर गई। तेज आवाज सुनकर अनिल समेत सभी की नींद खुल गई और सभी घर से बाहर निकल आए। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। जानकारी पाकर पुलिस भी आ गई और सभी को सुरक्षित देख वापस लौट गई। अनिल ने बताया कि दूसरी मंजिल की छत जर्जर हो गई थी। बारिश के कारण गिर गई।
------
प्रति घंटे तीन सेमी बढ़ रहा जलस्तर
जासं, प्रयागराज : गंगा-यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते कछारी इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क हो गए हैं। एनडीआरएफ व जलपुलिस स्थिति पर निगाह रखे हुए है। संगम तट के आसपास से दुकानें हटवा दी गई हैं।
गुरुवार को जलस्तर में प्रति घंटे तीन सेमी. की वृद्धि दर्ज की गई। छतनाग 74.97, नैनी 75.47 और फाफामऊ में 78.72 मीटर जलस्तर की रिकार्ड किया गया। सिचाई विभाग बाढ़ प्रखंड के अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ों के साथ ही प्रदेश में हो रही बारिश के कारण ही जलस्तर बढ़ रहा है। कानपुर बैराज से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।