Ayodhya Structure Demolition Case: जेल में बंद कारसेवकों को छुड़ाने की मिली थी जिम्मेदारी
Ayodhya Structure Demolition Case पूर्व सभासद रघुराज किशोर मिश्रा को स्टेशन पर रहने की जिम्मेदारी दी गई थी। वजह यह थी कि उनकी अंग्रेजी अच्छी थी। अब 28 साल बाद में सभी आरोपियों को बरी किया गया यह सभी के लिए खुशी का पल है।
प्रयागराज,जेएनएन। 1992 में डॉ. मुरली मनोहर जोशी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उन्होंने ही मुझे जिले में सभी कारसेवकों के लिए व्यवस्था करने का दायित्व दिया था। यहां तक कि कई जगहों पर कारसेवक पकड़े जा रहे थे। उनको जेल भेजा जा रहा था। वकील होने के नाते सभी को छुड़ाने का भी दायित्व मुझे दिया गया था। यह कहना है भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राघवेंद्र प्रसाद मिश्र का।
यह बेहद खुशी का क्षण है
उन्होंने बताया कि देश भर से आ रहे राम भक्तों के लिए दिनरात हम सब ने मिलकर काम किया। आम लोग भी उनके लिए भोजन के पैकेट पहुंचा रहे थे। मानो सभी कारसेवकों में श्री राम की छवि दिख रही थी। इसी तरह संघ दक्षिणी क्षेत्र के संचालक राजेंद्र प्रसाद मिश्र बताते हैं कि पूरे महीने कारसेवकों के लिए व्यवस्था में जुटे रहे थे। रवींद्र मिश्र ने बताया कि कारसेवकों के लिए केशव नगर क्षेत्र से रोटी इकट्ठा करने का दायित्व मुझे मिला था। पूर्व सभासद रघुराज किशोर मिश्रा को स्टेशन पर रहने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसकी वजह यह थी कि उनकी अंग्रेजी अच्छी थी। दक्षिण भारत से आने वाले लोगों को अंग्रेजी में ही समझाना पड़ता था। अब 28 साल बाद में सभी आरोपियों को बरी किया गया यह सभी के लिए खुशी का पल है।
कारसेवकों के लिए की थी लाई, गुड़ की व्यवस्था
पूर्व सैनिक व पूर्व पार्षद अक्षयवट पांडेय ने बताया कि चार दिसंबर से ही शहर में कारसेवक आने लगे थे। कुछ जगहों पर प्रशासन की ओर से उनकी धरपकड़ भी शुरू कर दी गई थी। महर्षि पतंजलि स्कूल को प्रशासन की तरफ से अस्थाई जेल बनाया गया था। वहीं लोगों को रखा जा रहा था। हम सभी अपने साथियों के साथ भोजन के पैकेट, लाई चना और गुड़ कारसेवकों तक पहुंचा रहे थे। जय श्री राम के उद्घोष पर हर कोई उत्साह से भर जाता था।
भाजपाइयों में दिखा उल्लास
भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक होटल में बैठक कर खुशी मनाई। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि सत्य और न्याय फिर विजयी हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम का उद्घोष कर खुशी का इजहार किया। एक दूसरे को मिठाई भी खिलाई। कार्यक्रम में मनोज कुशवाहा, अवधेश चंद्र गुप्ता, रमेश पासी, अनिल केसरवानी, विजय श्रीवास्तव, मुकेश लारा, प्रमोद पांडेय आदि मौजूद रहे।