केपी ट्रस्ट के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने ग्रहण किया कार्यभार
महामंत्री कौटिल्य ने बताया कि चार जनवरी को शाम साढ़े पांच बजे केपी कम्यूनिटी सेंटर में निर्वाचित 20 कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा।
प्रयागराज: कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) के नव निर्वाचित अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया। ट्रस्ट के निवर्तमान अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह ने अपने बड़े भाई एवं वर्तमान अध्यक्ष को कार्यभार ग्रहण कराया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष वित्त, महामंत्री एवं मेंबर इंचार्ज की नियुक्ति की गई।
कमला नेहरू रोड स्थित ट्रस्ट मुख्यालय में आयोजित समारोह में कार्यभार ग्रहण करने के बाद चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि पिछले पांच वषरें में ट्रस्ट ने काफी तरक्की की। ट्रस्ट के कई नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना हुई। अगले पांच वर्ष में ट्रस्ट का और विस्तार करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जिम्मेदारी को ईमानदारी से पूरा करने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर अध्यक्ष ने निवर्तमान अध्यक्ष को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्ति किया। उनके साथ एसडी कौटिल्य को दोबारा महामंत्री नियुक्त किया गया। गिरीश चंद्र श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष वित्त एवं रवि कुमार श्रीवास्तव को मेंबर इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई। महामंत्री कौटिल्य ने बताया कि चार जनवरी को शाम साढ़े पांच बजे केपी कम्यूनिटी सेंटर में निर्वाचित 20 कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा। इस मौके पर निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार एवं उनकी टीम के सदस्यों का अभिनंदन किया जाएगा। समारोह में चौधरी अमरनाथ सिंह, डॉ. केपी श्रीवास्तव, केसी सिन्हा, डॉ. अशोक, अनिल कुमार श्रीवास्तव, सुभाष प्रकाश, कुलदीप नारायण आदि थे। बसपा ने तीन पदाधिकारी हटाए :
बहुजन समाज पार्टी की जिला कमेटी में ढीले-ढाले लोगों को अब नहीं रहने दिया जाएगा। उनकी जगह ऊर्जावान लोगों को मौका दिया जाएगा। यह बातें जिलाध्यक्ष सुशील कुमार गौतम ने कही। उन्होंने बताया कि कुछ बदलाव करके संगठन को चुस्त-दुरुस्त किया गया है। जिला उपाध्यक्ष सुधाकर त्रिपाठी को हटाकर उनके स्थान पर मो. आरिफ को कमान मिली है। जिला खजांची रहे संतोष जैन की जगह विनोद मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है। विश्वनाथगंज विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गौतम को नियुक्त किया गया है।