नगर निगम में अभी तक नहीं पहुंची नामित पार्षदों की सूची Prayagraj News
नगर आयुक्त रवि रंजन समेत सचिव परिषद पीके मिश्र सूची का इंतजार करते रहे। सचिव परिषद का कहना है कि सूची प्राप्त होने के बाद ही शपथ ग्रहण की तैयारी की जाएगी।
प्रयागराज,जेएनएन। करीब ढाई साल बाद ही सही नगर निगम को 10 नामित पार्षद तो मिल गए लेकिन इस संबंध में शासन या नगर निकाय मुख्यालय से बुधवार तक कोई भी पत्र नगर आयुक्त या सचिव परिषद कार्यालय नहीं पहुंचा। हालांकि महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी के पास यह सूची पहुंच गई है। नगर निगम प्रशासन को अब अधिकृत सूची मिलने का इंतजार है क्योंकि उसके बाद ही इन नामित पार्षदों के शपथ ग्रहण की तैयारी होगी। उधर नामित पार्षदों ने दिन में नगर निगम में महापौर से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया।
महापौर से मिले नामित पार्षद
शासन से जारी नामित पार्षदों की सूची में अनूप मिश्रा, आशीष कुमार गुप्ता, राजेश निषाद, मनोज कुशवाहा, अमन बलेचा, विजय मेहरोत्रा, आनंद सोनकर, अलका श्रीवास्तव व सबीना यास्मिन सिद्दीकी के नाम शामिल हैैं। बुधवार को इनमें से कई पार्षद नगर निगम पहुंचे और महापौर समेत निर्वाचित पार्षदों और कर्मचारियों से मुलाकात की। बधाई का सिलसिला भी चला। इस दौरान नामित पार्षदों ने मिठाई भी खिलाई। इन सबके बीच देर शाम तक नगर निगम में नामित पार्षदों की सूची नहीं पहुंची।
सूची मिलने के बाद होगी शपथ ग्रहण की तैयारी
नगर आयुक्त रवि रंजन समेत सचिव परिषद पीके मिश्र सूची का इंतजार करते रहे। सचिव परिषद का कहना है कि सूची प्राप्त होने के बाद ही शपथ ग्रहण की तैयारी की जाएगी। उधर महापौर ने बताया कि नवनियुक्त पार्षदों का शपथ ग्रहण होली के बाद होगा। उधर, सर्वदलीय पार्षद एवं पूर्व पार्षद संघर्ष समिति की बैठक में नामित पार्षदों को बधाई दी गई। कहा गया कि नामित सदस्यों का चयन समय से किया जाता तो संविधान एवं अधिनियम का अनुपालन करने से लोकतंत्र सुदृढ़ होता। बैठक में शिवसेवक सिंह, अशोक सिंह, अजय यादव, आनंद घिल्डियाल, रंजन कुमार, चंद्र प्रकाश गंगा, चंद्रशेखर बच्चा आदि मौजूद थे।