जरा सी बात पर कर दिया था बाप-बेटे का कत्ल, प्रतापगढ़ की अदालत ने सुनाई हत्यारोपित को उम्रकैद की सजा
इस मुकदमे के वादी शेष नरायण सिंह के अनुसार उनके भाई सत्यदेव सिंह की बछिया छह जून 2014 को सुबह खेत की ओर चरने गई थी। इसी बात पर मनीष सिंह और सूरज उनके घर पहुंचे और सत्यदेव के बेटे से गाली गलौज करने लगे। इसके बाद घर लौट गए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में छह साल पहले पिता-पुत्र का कत्ल करने के आरोपित संतोष सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह निवासी अचलपुर नगर कोतवाली को विशेष न्यायाधीश विकास वर्मा ने आजीवन कारावास और दो लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
बछिया के चक्कर में हो गया दो लोगों का कत्ल
इस मुकदमे के वादी शेष नरायण सिंह के अनुसार उनके भाई सत्यदेव सिंह की बछिया छह जून 2014 को सुबह खेत की ओर चरने गई थी। इसी बात पर मनीष सिंह और सूरज उनके घर पहुंचे और सत्यदेव के बेटे से गाली गलौज करने लगे। इसके बाद दोनों घर लौट गए। सुबह करीब 10 बजे संतोष पिस्टल और मनीष तमंचा लेकर दोबारा लौटे। उनके साथ सूरज और राम नारायण लाठी डंडा लेकर पहुंचे और सत्यदेव व उनके बेटे विकास पर हमला बोल दिया। संतोष व मनीष पुत्रगण राम प्रताप सिंहह ने असलहे से फायर कर दिया, जिससे गोली लगने से सत्यदेव और उनके बेटे की मौत हो गई। मुकदमे की सुनवाई के दौरान विशेष न्यायाधीश ने संतोष सिंह को आजीवन कारावास तथा दो लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। साक्ष्य के अभाव में मनीष सिंह, राम नारायण सिंह और सूरज को कोर्ट ने बरी कर दिया। राज्य की ओर से पैरवी एडीजीसी काशीनाथ तिवारी ने की।
प्रधान के भाई की हत्या के राजफाश के करीब पहुंची पुलिस
फतनपुर थाना क्षेत्र के पूरे बिच्छूर गांव के निवर्तमान प्रधान जितेंद्र कुमार यादव के भाई वीरेंद्र कुमार उर्फ राहुल यादव की हत्या के मामले में पुलिस राजफाश के करीब पहुंच गई है। पुलिस तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूरे बिच्छूर गांव के निवर्तमान प्रधान जितेंद्र कुमार यादव का छोटा भाई वीरेंद्र कुमार उर्फ राहुल यादव बुधवार की रात हत्या कर दी गई थी और शव रस्सी से बाइक से बांधकर जंगल में फेंक दिया गया था। गुरुवार को सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर मिला था।