प्रतापगढ़ में रेल ट्रैक पर मिला पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के भतीजे का शव, घरवालों ने जताई राजनीतिक रंजिश में हत्या की आशंका
शुभम के भाई अरुण ने आरोप लगाया कि राजनीतिक रंजिश में यह हत्या हुई है। घटनास्थल घर से तीन किमी दूर है। वह वहां से इतनी दूर पैदल क्यों आएगा। यह भी पता चला है कि रात में 11 बजे के बाद तक वह गांव में ही था।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अमेठी के गायत्री प्रसाद प्रजापति के भतीजे शुभम प्रजापति की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। वह 22 साल का था। तहरीर लेकर जीआरपी प्रतापगढ़ थाना आए स्वजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है।
अमेठी के रहने वाला था शुभम
अमेठी जनपद निवासी पूर्व मंत्री गायत्री के छोटे भाई जगदीश प्रजापति का बेटा शुभम गुरुवार को शाम के वक्त घर से गायब हो गया था। उसकी तलाश में स्वजन दौड़ रहे थे। पूरी रात बीत गई, वह नहीं मिला। इस बीच शुक्रवार को सुबह अमेठी जिले के खैरना गांव के पास से गुजरे प्रतापगढ़-अमेठी रेल मार्ग पर एक युवक का शव लोगों ने देखा। गश्ती रेल पुलिस ने जीआरपी एसओ फूल सिंह को सूचना दी तो वह दल बल के साथ पहुंचे। तब तक भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग भी आ गए। उसकी पहचान शुभम के रूप में की गई। लाश देख स्वजन बदहवास हो गए। हत्या और आत्महत्या के बीच झूल रहे इस मामले को लेकर स्वजन दोपहर में जीआरपी थाना प्रतापगढ़ पहुंचे और तहरीर दी। शुभम की हत्या की आशंका व्यक्त की।
राजनीतिक रंजिश में हत्या की आशंका जताई
शुभम के भाई अरुण ने आरोप लगाया कि राजनीतिक रंजिश में यह हत्या हुई है। घटनास्थल घर से तीन किमी दूर है। वह वहां से इतनी दूर पैदल क्यों आएगा। यह भी पता चला है कि रात में 11 बजे के बाद तक वह गांव में ही था। उसके पैर कीचड़ में सने मिले हैं, जो संदेह को बल देते हैं। उधर पुलिस इसे आत्महत्या मानकर चल रही है। जीआरपी ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ फूल सिंह का कहना है कि ट्रेन की चोट से मौत लग रही है। शुभम की जेब से उसका मोबाइल व कागजात मिले हैं। मोाबइल की काल डिटेल भी चेक की जाएगी। आरोपों की जांच की जाएगी। अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।