'स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ भारत' में भाग ले रहे शिक्षक और प्रधानाचार्य
स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ भारत विषयक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला केंद्रीय विद्यालय ट्रिपल आइटी झलवा में शुरू हुई। इसमें प्रधानाचार्यों एवं शिक्षक शामिल हो रहे हैं।
प्रयागराज, : केंद्रीय विद्यालय ट्रिपल आइटी झलवा में 'स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ भारतÓ शीर्षक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुई। प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के लिए आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी संभाग के 15 केंद्रीय विद्यालयों के 68 प्रतिभागी सम्मिलित हुए हैं।
उद्घाटन सत्र में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुति की। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजयेश पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि, खेलों के प्रति समाज के नजरिये में बदलाव आया है। पहले किताबी ज्ञान के समक्ष खेलकूद को कमतर करके आंका जाता था। अब खेलकूद में भी कॅरियर की अपार संभावनाएं हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष आरएस बेदी ने कहा कि, केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा एक साथ देश के 1135 विद्यालयों में इस अभियान को आरंभ करना ही खेल की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
मुख्य अतिथि वाराणसी संभाग के सहायक आयुक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन प्रो. यूएस तिवारी ने कहा कि, भारत में भी अमेरिका, कोरिया, चीन,जापान जैसी खेल संस्कृति को विकसित करने की आवश्यकता है। शिविर निदेशिका संध्या श्रीवास्तव ने कहा कि स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता में होना चाहिए। दूसरे सत्र में अभय सिंह राठौर ने इस प्रशिक्षण शिविर के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। योग अनुदेशक एकता श्रीवास्तव ने प्राणायाम एवं योग के विविध पक्षों से परिचय कराया। संचालन आरके दुबे ने किया।