Swachh Survekshan-2020 : वार्डों को स्वच्छ बनाने की कहानी, पार्षदों की जुबानी
Swachh Survekshan-2020 अब लोग कूड़ा इधर-उधर कूड़ा नहीं फेंकते हैं बल्कि घरों में रखते हैं। सफाईकर्मी के आने पर कूड़ा गाड़ी में डाल देते हैं।
प्रयागराज,जेएनएन। शहर के कई वार्ड स्वच्छता के मामले में अव्वल हैं। इन वार्डों में अन्य वार्डों की तुलना में बेहतर साफ-सफाई रहती है। पार्षद भी इसकी वजह लोगों के सहयोग को मानते हैं। वह कहते हैं कि सफाईकर्मी एक बार सफाई करके चले गए, लोग जागरूक हैं तो वह गंदगी नहीं करेंगे।
शहर में स्वच्छता के मामले में ये वार्ड हैं अव्वल
शहर में सिविल लाइंस भाग एक, सिविल लाइंस भाग दो, न्यू कटरा, अशोक नगर, मम्फोर्डगंज, बहादुरगंज वार्डों को सफाई के मामले में अव्वल माना जाता है। सिविल लाइंस भाग एक के पार्षद सुशील कुमार का कहना है कि सफाई व्यवस्था को सुधारने में लोगों का भी बड़ा सहयोग है। लोग घरों में कूड़ा रखते हैं। सफाईकर्मी के आने पर उसे ही देते हैं। इससे वार्ड को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलती है। सिविल लाइंस भाग दो के पार्षद अशोक सिंह का कहना है कि जनता पहले से बहुत जागरूक हुई है। कोरोना काल में सोशल वर्करों ने भी सफाई व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक किया। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बहुत मेहनत की है, जिसकी वजह से रैंकिंग में इतनी उछाल आई है। यह बड़ी खुशी की बात है। अशोक नगर की पार्षद राधा देवी कहती हैं कि अब लोग कूड़ा इधर-उधर कूड़ा नहीं फेंकते हैं, बल्कि घरों में रखते हैं। सफाईकर्मी के आने पर कूड़ा गाड़ी में डाल देते हैं। चूने का छिड़काव सड़कों और गलियों में नियमित रूप से होता है। स्वच्छता रैंकिंग में छलांग लगाने में सभी का सहयोग रहा।
जनता सफाई के प्रति हुई जागरूक
न्यू कटरा वार्ड के पार्षद अजय यादव कहते हैं कि जनता जागरूक हुई है। लोग समय से कूड़ा देते हैं। सफाईकर्मी भी लगन से काम करते हैं, जिसकी वजह से वार्ड साफ-सुथरा रहता है। अशोक नगर में रहने वाले शिक्षक रामेंद्र बहादुर का कहना है कि सफाईकर्मी नियमित सफाई करते हैं। नालियों से सिल्ट निकालते हैं। चूने का छिड़काव करते हैं। यह सब चीजें रैंकिंग बढ़ाने में मददगार साबित हुईं।