इलाहाबाद हाई कोर्ट में आज से ग्रीष्मकालीन अवकाश, भीषण गर्मी के कारण सिविल कोर्ट में समय बदला
इलाहाबाद हाई कोर्ट प्रयागराज के साथ ही और लखनऊ खंडपीठ में आज से ग्रीष्मावकाश शुरू हो रहा है। अब कोर्ट एक जुलाई से खुलेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद हाई कोर्ट में आज से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया है। अवकाश 30 जून तक रहेगा। अवकाश के बाद कोर्ट एक जुलाई से खुलेगा। इसके साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए सिविल कोर्ट के समय में भी बदलाव किया गया है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट प्रयागराज के साथ ही और लखनऊ खंडपीठ में आज से ग्रीष्मावकाश शुरू हो रहा है। अब कोर्ट एक जुलाई से खुलेगा। इस बीच क्रिमिनल और सिविल साइड की छह-सात अदालतों का संचालन होता रहेगा। गर्मी के दिनों में एक से 30 जून तक हाईकोर्ट में अवकाश हर वर्ष होता है। यह हाईकोर्ट के अवकाश कैलेंडर में भी है। इस आधार पर कोर्ट अब एक माह तक बंद रहेगी। इस अवकाश से 69000 सहायक अध्यापक भर्ती समेत कुछ अन्य महत्वपूर्ण मामले लंबित हो गए हैं। हालांकि किसी विशेष परिस्थिति में इन पर सुनवाई हो सकती है।
जिलों की कोर्ट अब सुबह सात से दिन में एक बजे तक काम
सूरज की तपिश रोजाना नये रिकार्ड कायम कर रही है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ग्रीष्मावकाश के दौरान सूबे के 35 जिलों की कोर्ट की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल मयंक जैन आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक 5 जून 2019 से प्रदेश के आगरा, मथुरा, वाराणसी, आजमगढ़, फिरोजाबाद और जौनपुर सहित 35 जिलों में सिविल कोर्ट का समय सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। इससे पहले पहले मई व जून में यह समय सुबह साढ़े आठ बजे से दिन में ढाई बजे तक था।
रजिस्ट्रार जनरल जैन के मुताबिक प्रदेश के आगरा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, एटा, कांशीराम नगर, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, मथुरा, फरूखाबाद, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, वाराणसी, चंदौली, बलिया, भदोही, इटावा, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, चित्रकूट, फिरोजाबाद, गाजीपुर, मैनपुरी, आजमगढ़, ललितपुर, सोनभद्र, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, औरैया, बाराबंकी, बहराइच और श्रावस्ती में सिविल कोर्ट का समय अब 5 जून से 30 जून 19 तक सुबह 7 बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। लंच का समय 10.30 से 11 बजे तक रहेगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप