दारोगा ने मुर्गा बनाकर युवक को थाने में पीटा तो लगाई सीएम से गुहार
उसे धमकी देते हुए मारापीटा और बाइक सहित जबरन थाने पर ले गए। दारोगा का कहर यहीं नहीं थमा। आरोप है कि सुरेश कुमार को थाने में भी मुर्गा बनाया और फिर विपक्षी के साथ उसका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद के कंधई थाने में एक युवक को दारोगा ने जमकर मारा-पीटा, उसे मुर्गा भी बनाकर यातना दी और बाद में उसका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। दारोगा के रवैए से परेशान पीडि़त युवक ने गुरूवार को इसकी शिकायत सीएम के पोर्टल पर की। उसने इस दारोगा से अपनी जान को खतरा बतााकर सुरक्षा तथा कार्रवाई की गुहार लगाई हैं। वहीं दारोगा ने पिटाई करने और मुर्गा बनाने की बात को बेबुनियाद बताया है।
विरोधी के इशारे पर ढाया जुल्म
कंधई थाना क्षेत्र के मंदाह गांव निवासी सुरेश कुमार पुत्र राम किशुन का कहना है कि उसके चाचा की मौत हो चुकी है। चाचा की जमीन पर जौनपुर जिले का एक युवक जबरन कब्जा करना चाह रहा है। आरोप लगाया कि उस युवक का पक्ष लेते हुए दारोगा संदीप सिंह बुधवार को उसके घर पहुंचे और सार्वजनिक स्थान पर उससे गाली गलौच की, जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। उसे धमकी देते हुए मारापीटा और बाइक सहित जबरन थाने पर ले गए। दारोगा का कहर यहीं नहीं थमा। आरोप है कि सुरेश कुमार को थाने में भी मुर्गा बनाया और फिर विपक्षी के साथ उसका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।
दारोगा पर मुकदमा दर्ज कराने की फरियाद
पीडि़त सुरेश ने गुरूवार को सीएम के पोर्टल पर शिकायत करके दारोगा संदीप सिंह से खुद की जान का खतरा बताया और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की फरियाद की। इस बारे में दारोगा संदीप सिंह का कहना है कि सुरेश और विनोद के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष लड़ रहे थे। दोनों पक्ष के लोगों को थाने लाकर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। पिटाई करने, मुर्गा बनाने का आरोप बेबुनियाद है।