कौशांबी में सौतेले पिता ने की बेटे की हत्या, जानिए क्या थी वजह
राजू और विजय के बीच सुअर के बंटवारे के लिए विवाद होने लगा गया। राजू ने विजय के ऊपर लाठी से हमला कर दिया। जिससे विजय की मौत हो गई।
कौशांबी,जेएनएन। कौशांबी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर बड़गांव में बुधवार रात अपने सौतेले बेटे की लाठी डंडे से पीट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित पिता फरार हो गया। पुलिस तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश कर रही है।
सुअर के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद
रसूलपुर बड़गांव निवासिनी सुशीला देवी की शादी स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मखदुमपुर ढोकसहा गांव में 27 वर्ष पहले सम्मारे लाल के साथ हुई थी। शादी के बाद सुशीला देवी के पहले पति सम्मारे लाल से दो बेटे लवकुश व विजय (22) हुए। लगभग 12 वर्ष पहले सम्मारे लाल की बीमारी के कारण मौत हो गई। पति के मौत के बाद सुशीला देवी ने दूसरी शादी दस साल पहले सराय अकिल कोतवाली के बेरूई गांव निवासी राजू उर्फ बोड्डा के साथ कर ली थी। शादी के कुछ दिनों के बाद ही सुशीला देवी अपने पति राजू व बेटे विजय को लेकर अपने मायके रसूलपुर बड़गांव में रहने लगी। जबकि सुशीला का बड़ा बेटा लवकुश अपने पिता के गांव मखदुमपुर ढोकसहा में अपने परिवार के साथ रह रहा था। विजय की शादी लगभग 4 वर्ष पहले पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव में रविता के साथ हुई थी। सुशीला देवी के साथ उसका पति राजू बेटा विजय और बहू रविता एक साथ रहते थे। सुशीला देवी के अनुसार उसका पति नशे का आदी था। आए दिन किसी न किसी बात को लेकर परिवार में झगड़ा करता रहता था। बुधवार की रात 10 बजे राजू और विजय के बीच सुअर के बंटवारे के लिए विवाद होने लगा गया।
पुलिस आरोपित की तलाश में दे रही दबिश
राजू ने विजय के ऊपर लाठी से हमला कर दिया। विजय लहूलुहान हो गया तो राजू उसे बेतहाशा पीटने लगा। जिससे विजय की मौके पर ही मौत हो गई। सीओ सिटी सच्चिदानंद पाठक का कहना है कि मृतक विजय की पत्नी रविता की तरफ से नामजद तहरीर मिली है। आरोपी राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। टीम बनाकर संभावित जगहों पर दबिश दी जा रही है आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।