BJP चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बोले- आपदा के समय में भी राजनीतिक दल एकजुट होकर समग्र प्रयास नहीं कर रहे
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक का कहना है कि राजनीति अलग चीज है। हर वक्त कुर्सी के लिए नहीं दौड़ा जाता। आज पूरी दुनिया सिर्फ जान बचाने में जुटी है फिर भी हमारे देश में एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। जब पूरा देश आपदा से जूझ रहा है तब भी राजनीतिक दल एक दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। कहीं भी एकजुट होकर समग्र प्रयास नहीं दिख रहा है। यह भारतीय राजनीति का बहुत ही बदसूरत चेहरा है। इसमें नुकसान हो रहा है आम जनमानस का। यह भी स्याह पक्ष है कि आम जनता इसे लेकर कभी संगठित व सजग नहीं होती। इसका खामियाजा वह खुद उठाती है। यह कहना है भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. एलएस ओझा का।
बोले, देश में एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक का कहना है कि राजनीति अलग चीज है। हर वक्त कुर्सी के लिए नहीं दौड़ा जाता। आज पूरी दुनिया सिर्फ जान बचाने में जुटी है फिर भी हमारे देश में एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। कोई दिल्ली को लेकर टिप्पणी कर रहा तो कोई पश्चिम बंगाल को। कुछ लोग राजस्थान तो कुछ महाराष्ट्र, यूपी और मध्य प्रदेश को लेकर अपने अपने बयान जारी कर रहे हैं। सच यह है कि हर तरफ लोग परेशान हैं, मुश्किल में हैं। इससे निजात का रास्ता बताने के लिए कोई तैयार नहीं है।
कहा- प्रधानमंत्री की बैठक में प्रोटोकाल तोडऩा अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश
डॉ. एलएस ओझा का कहना है कि प्रधानमंत्री जब सभी प्रदेशों के मुखिया को बुलाकर बैठक और राय ले रहे हैं तो उसमें भी राजनीति हो रही है। प्रोटोकाल का भी उल्लंघन किया जा रहा है। क्या ऐसा करके एक व्यक्ति को आक्सीजन दिलाई जा सकती है। इसका जवाब कभी भी सकारात्मक नहीं हो सकता। यह जरूर है कि राजनीति के क्षेत्र में खुद आक्सीजन हासिल करने का प्रयास है। अपनी नाकामी को भी छिपाने की कोशिश है।